उत्तर प्रदेश में विधान परिषद (MLC) चुनाव के दौरान आगरा शिक्षक सीट से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. आकाश अग्रवाल ने मतदान में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं. शुक्रवार, 23 अक्टूबर को मीडिया से बात करते हुए वह भावुक हो गए और कैमरे के सामने रोने लगे. उन्होंने अधिकारियों और सत्ताधारी दल पर अपने समर्थकों को परेशान करने का आरोप लगाया. आकाश अग्रवाल ने कहा कि अब उनका सिस्टम पर से भरोसा उठ गया है और वह अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन कर लेंगे.
आकाश अग्रवाल ने लगाए बूथ कैप्चरिंग के आरोप
आकाश अग्रवाल का आरोप है कि मतदान के दौरान प्रशासन और सत्ताधारी दल के इशारे पर बूथ कैप्चरिंग की जा रही है. उन्होंने दावा किया कि खेरागढ़ के बूथ नंबर 20 पर उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी के भतीजे ने बूथ पर कब्जा किया. आकाश अग्रवाल के मुताबिक, उन्होंने इस घटना का वीडियो कमिश्नर को भेजा है. उन्होंने खेरागढ़ के इसी बूथ पर एक और घटना का जिक्र किया. उनका कहना है कि जब पीठासीन अधिकारी खाना खाने लगे, तो सभी मतदाताओं को बाहर निकालकर कमरे को बंद कर दिया गया. इसके अलावा उन्होंने छाता के बूथ नंबर 40 पर भी बूथ कैप्चरिंग की कोशिश का आरोप लगाया. इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
‘अगले महीने लखनऊ जाकर धर्म परिवर्तन करूंगा’
मीडिया से बातचीत के दौरान आकाश अग्रवाल ने कहा कि उन्हें चुनाव में हार या जीत की चिंता नहीं है, लेकिन उनके साथ हो रहे व्यवहार से वह परेशान हैं. उन्होंने कहा कि वह आजाद भारत में रहते हैं और किस पार्टी से चुनाव लड़ना है, यह उनका अपना फैसला है. आकाश अग्रवाल ने यह भी बताया कि एक अधिकारी ने उनसे कहा था कि वह सिर्फ एमएलसी प्रत्याशी हैं, कोई खुदा नहीं. इस पर उन्होंने जवाब दिया कि उन्होंने अपना खुदा बदल लिया है. उन्होंने कहा कि वह अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में धर्म परिवर्तन करेंगे.
‘ऐसा लगता है जैसे पाकिस्तान से आया आतंकवादी हूं’
सपा प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ समय से उनके परिवार, साथियों, स्कूल से जुड़े लोगों और 12 जिलों के शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि उनके समर्थकों को कभी भी उठाया जाता है, उनके खिलाफ आरोप लगाए जाते हैं और उनके साथ गाली-गलौज की जाती है. भावुक होते हुए आकाश अग्रवाल ने कहा कि उन्हें ऐसा महसूस होने लगा है, जैसे वह पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हों. उन्होंने आशंका जताई कि उन्हें परेशान करने वाले लोग उनके पास ड्रग्स या हथियार रखकर भी उन्हें फंसा सकते हैं. उन्होंने सरकार से अपील की कि उनके परिवार, साथियों और स्कूल से जुड़े लोगों को परेशान करना बंद किया जाए. उन्होंने यहां तक कहा कि अगर सरकार चाहे तो उन्हें आजीवन कारावास की सजा दे दे. आकाश अग्रवाल ने यह भी कहा कि अगर सरकार उन्हें पहले ही चुनाव न लड़ने के लिए कह देती, तो वह चुनाव नहीं लड़ते. अब वह शांति से रहना चाहते हैं.
यूपी की 11 MLC सीटों पर हो रहा मतदान
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है. इनमें पांच स्नातक निर्वाचन क्षेत्र और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी की सीटें शामिल हैं. शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के इन चुनावों में अलग-अलग क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं.