Umesh Pal Murder Case: अतीक कुनबे के खिलाफ 150 से ज्यादा मुकदमे हैं दर्ज, पत्नी से लेकर बेटों तक शामिल
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

प्रयागराज से पंकज चौधरी की रिपोर्टः वैसे तो उत्तर प्रदेश के बाहुबली माफिया अतीक अहमद और उनके परिवार वालों से हर कोई परिचित है। काफी समय से अतीक अहमद जेल में बंद हैं। अब उमेश पाल (Umesh Pal Murder Case) और संदीप हत्याकांड के बाद फिर से पूरे प्रदेश में अतीक और उनके परिवार वालों की चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस रिपोर्ट में आपको अतीक और उनके परिवार वालों के बारे में बताएंगे।
जानकारी के मुताबिक अतीक अहमद के खिलाफ करीब 95 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें विधायक राजू पाल हत्याकांड भी शामिल है। प्रयागराज के खुलदाबाद, धूमनगंज, सिविल लाइंस और पुरामुफ्ती समेत कई थानों में मुकदमे हैं। इन मुकदमों में धाराओं की बात करें तो हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, धमकी देना, जमीन कब्जे और रंगदारी के साथ गैंगस्टर भी शामिल है।
अतीक अहमद प्रयागराज की शहर पश्चिम सीट से 5 बार के विधायक और फूलपुर लोकसभा सीट से एक बार सांसद चुने गए थे। साल 2017 में एग्रीकल्चर यूनिवर्सटी में मारपीट और धमकी देने के मामले में उन्हें जेल भेजा गया था। वर्तमान में भी वह जेल में ही हैं। अतीक पहले प्रयागराज की नैनी जेल में बंद थे। इसके बाद सरकार ने उनको देवरिया जेल में शिफ्ट किया। देवरिया जेल में बिल्डर मोहित जायसवाल को अगवा करके मारपीट के मामले में उनका नाम सामने आने के बाद लखनऊ में एक और मुकदमा दर्ज कराया गया।
मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई। इसके बाद मामला सुप्रीम कोर्ट में गया, जिसके बाद अतीक को गुजरात की साबरमती जेल भेजा गया। बताया गया है कि गुजरात जेल में रहते हुए अतीक के गुर्गों ने प्रापर्टी के मामले में कई लोगों से रंगदारी मांगी थी। इस मामले में भी प्रयागराज के पुरामुफ्ती और धूमनगंज थाने में अतीक और उसके गुर्गों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इस मामले में भी कुछ लोगो को गिरफ्तार किया गया था।
अतीक के भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी हैं। अशरफ ने शहर पश्चिम सीट से एक बार सपा के टिकट पर चुनाव जीता था। अशरफ पर भी खुल्दाबाद, धूमनगंज, सिविल लाइंस और शाहगंज थाने में हत्या, हत्या का प्रयास, धमकी, बलवा, रंगदारी और जमीन कब्जे के करीब 40 मुकदमे दर्ज हैं। अशरफ पर गैंगस्टर के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। कुछ साल पहले अशरफ को पुलिस ने उनके ससुराल पुरामुफ्ती से गिरफ्तार किया था।
बताया गया है कि अतीक का बड़ा बेटा उमर अहमद लॉ की पढ़ाई कर रहा था। अतीक के जेल में रहते हुए उसने अपने पिता की राजनीति से संबंधित कार्यों को संभाला। लखनऊ के बिल्डर मोहित जायसवाल को अगवा करके देवरिया जेल में मारपीट की थी। उसकी कंपनी अतीक ने अपने नाम कराई थी, जिसमें उमर को भी आरोपी बनाया गया। उमर ने कुछ दिन पहले लखनऊ की सीबीआई कोर्ट में सरेंडर किया था। तब से वह लखनऊ जेल में बंद है।
अतीक के छोटा बेटे अली अहमद पर रंगदारी और धमकी देने के दो मुकदमे दर्ज है। एक मुकदमा अतीक के साड़ू इरान जेई के भाई जीशान ने करेली थाने में दर्ज कराया था। इसमें आरोप था कि अतीक ने अपने बेटे अली के जरिए जीशान से करोड़ों की रंगदारी मांगी थी। नहीं देने पर उसकी जामीन अपने नाम लिखने की धमकी दी। जीशान ने अली और अतीक के आधा दर्ज गुर्गों पर हत्या का प्रयास और रंगदारी के लिए धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद अली ने कोर्ट में सरेंडर किया और अतीक के 4 गुर्गे गिरफ्तार हुए।
जेल में रहने के बाद भी अतीक के साड़ू के भाई जीशान ने रंदारी का एक और मुकदमा पुरामुफ्ती थाने में दर्ज कराया था। इसमे अली समेत अतीक के 6 अन्य गुर्गों को आरोपी बनाया गया था। अतीक के बेटे असद, एजम और अबान अभी पढ़ाई कर रहे हैं। बताया गया है कि इस पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: