पाकिस्तान में 24 घंटे में दो मंदिरों पर हमला; एक को गिराया तो दूसरे पर डकैतों ने दागे रॉकेट लॉन्चर; 'सीमा हैदर' है वजह?
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Seema Haidar: पाकिस्तान में 24 घंटे में दो मंदिरों को निशाना बनाया गया है। कराची में एक माता के मंदिर को रातोंरात गिरा दिया गया है, जबकि काश्मोर-कंधकोट में एक अन्य मंदिर पर डकैतों के एक गिरोह ने रॉकेट लॉन्चर से हमला और अंधाधुंध फायरिंग की। बताया गया है कि ये हमला पाकिस्तान के रानो शार डकैत ने किया है। उसने सीमा हैदर (Seema Haidar) को लेकर पूर्व में धमकी दी थी।
मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पाकिस्तानी डकैत रानो शार ने पूर्व में धमकी दी थी कि पाकिस्तानी सीमा गुलाम हैदर को भारत तुरंत वापस करे, वरना वो पाकिस्तान में मंदिरों पर हमला करेगा। इसी कारण रविवार को रानो शार ने काश्मोर के मंदिर में हमले की वारदात को अंजाम दिया।
पाकिस्तान के मीडिया हाउस द डॉन की एक रिपोर्ट के अनुसार, हमलावरों ने गौसपुर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में एक पूजा स्थल और आसपास के घरों पर हमला किया। उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी की। सूचना पर काश्मोर-कंधकोट के एसएसपी इरफान सैम्मो के नेतृत्व में एक पुलिस टीम को घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा।

डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अधिकारी ने बताया कि डकैतों ने पूजा स्थल पर रॉकेट लॉन्चर दागे। हालांकि मंदिर उस वक्त बंद था। उन्होंने कहा कि यह बागड़ी समुदाय (हिंदू) की ओर से संचालित धार्मिक सेवाओं के लिए हर साल खुलता है।
एसएसपी सैम्मो का अनुमान है कि हमले के बाद संदिग्ध घटनास्थल से भाग गए। पुलिस इलाके में तलाशी अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि आठ से नौ बंदूकधारी थे, जिन्हें वे नदी क्षेत्रों में ट्रैक कर रहे थे। इस बीच, बागड़ी समुदाय के सदस्य डॉ. सुरेश ने कहा कि डकैतों की ओर से दागे गए “रॉकेट लॉन्चर” फटे नहीं थे, जिससे कोई जानमाल की हानि नहीं हुई है।
उन्होंने पुलिस से समुदाय की सुरक्षा करने की अपील की है। हालांकि इस घटना के बाद इलाके में रहने वाले हिंदू परिवार दहशत में आ गए हैं। इसी बीच पाकिस्तान के मानवाधिकार आयोग (एचआरसीपी) ने कहा कि वह सिंध के काश्मोर और घोटकी जिलों में बिगड़ती कानून व्यवस्था की रिपोर्टों से चिंतित है। महिलाओं और बच्चों समेत हिंदू समुदाय के करीब 30 सदस्यों को कथित तौर पर बंधक बना लिया गया है।
HRCP is alarmed by reports of deteriorating law and order in the districts of Kashmore and Ghotki in Sindh, where some 30 members of the Hindu community – including women and children – have allegedly been held hostage by organised criminal gangs.
— Human Rights Commission of Pakistan (@HRCP87) July 16, 2023
आयोग ने सिंध गृह विभाग से बिना किसी देरी के मामले की जांच करने को कहा है। इसके अलावा आयोग की ओर से कहा गया है कि हमें रिपोर्टें मिली हैं कि इन गिरोहों ने उच्च श्रेणी के हथियारों का उपयोग करके समुदाय के पूजा स्थलों पर हमला करने की धमकी दी है।
बता दें कि इससे पहले शुक्रवार देर रात पाकिस्तान के कराची में 150 साल पुराने माता मंदिर को ध्वस्त किया गया है। डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, कराची में हिंदू समुदाय शनिवार की सुबह उठा तो उन्होंने कराची के सोल्जर बाजार में 150 साल पुराने पवित्र मारी माता मंदिर को ध्वस्त पाया। चर्चा है कि एक शॉपिंग प्लाजा के लिए ऐसा किया गया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: