आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर, आरोपी ने अपनी पत्नी समेत 2 पुजारियों को गोलियों से उतारा मौत के घाट, बच्चों को बनाया बंधक

Azamgarh News: आजमगढ़ में ट्रिपल मर्डर की वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. दरअसल एक महिला ने अपने पति की शराब की लत छुड़ाने के लिए 2 पुजारियों को घर में पूजा के लिए बुलाया था, लेकिन पति ने तीनों लोगों की हत्या कर दी.

Azamgarh Police X

मोका-ए-वारदात पर आजमगढ़ पुलिस (Photo-X)

Triple Murder In Azamgarh: यूपी के आजमगढ़ में मंगलवार, 22 सितंबर 2026 की शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में एक शख्स ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और पूजा कराने आए 2 पुजारियों की गोली मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी अपनी 3 छोटी संतानों के साथ घर के एक कमरे में बंद हो गया. घटना से पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बन गया.

विज्ञापन

शराब छुड़ाने के लिए हो रही थी पूजा

शंभूपुर के निवासी अरविंद सिंह के शराब पीने की आदत से परिवार परेशान था. बताया जा रहा है कि उसकी 32 साल की पत्नी बबीता ने पति की शराब की लत छुड़ाने के उद्देश्य से मंगलवार शाम घर में पूजा का आयोजन कराया था. इसके लिए पठखौली गांव के 55 साल के महेंद्र पाठक और छिताना गोझा गांव के 50 साल अखिलेश मिश्र को पूजा कराने के लिए बुलाया गया था. शाम करीब साढ़े 6 बजे दोनों पुजारी घर में पूजा करा रहे थे, तभी अरविंद कथित तौर पर नशे की हालत में वहां पहुंचा.

विज्ञापन

पुजारियों से बहस के बाद बरसीं गोलियां

पूजा चलती देखकर अरविंद नाराज हो गया और उसने इसका विरोध किया. बताया जा रहा है कि उसने दोनों पुजारियों से आधार कार्ड दिखाने को कहा, जिसके बाद विवाद बढ़ गया. पत्नी बबीता ने मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन स्थिति और बिगड़ गई. आरोप है कि इसके बाद अरविंद घर के एक कमरे में गया और रिवॉल्वर लेकर वापस आया. उसने कथित तौर पर पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर दोनों पुजारियों पर भी फायरिंग कर दी. तीनों की मौके पर ही मौत हो गई.

3 बच्चों के साथ कमरे में बंद हुआ आरोपी

वारदात के बाद आरोपी अपनी 2 बेटियों और एक बेटे को लेकर कमरे में बंद हो गया. बच्चों की उम्र 6 साल, 4 साल और 8 महीने बताई गई है. सूचना मिलते ही सीनियर पुलिस अधिकारी और 3 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आरोपी को बाहर निकालने के लिए कोशिश शुरू की गई. ग्रामीणों ने शुरुआती तौर पर शवों को उठाने का विरोध किया, लेकिन समझाने के बाद पुलिस ने करीब ढाई घंटे बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

विज्ञापन

बच्चों को लेकर चिंता

घटना के बाद ग्रामीणों में दुख और आक्रोश है. लोगों का कहना है कि शराब की लत के चलते इतनी गंभीर वारदात हुई. ग्रामीण आरोपी के छोटे बच्चों के भविष्य को लेकर भी फिक्रमंद हैं. मां की मौत और पिता के कानूनी कार्रवाई का सामना करने की स्थिति के बीच बच्चों की देखभाल को लेकर गांव में चिंता बनी हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद घटना के पीछे की पूरी वजह साफ होने की उम्मीद है.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Shariqul Hoda

Shariqul Hoda

न्यूज़ 24 डिजिटल में शारिकुल होदा सीनियर सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. मुख्य तौर पर वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरें लिखते हैं. शारिकुल ने 2008 में दूरदर्शन में बतौर इंटर्न अपनी शुरुआत की, इसके बाद वह दैनिक जागरण, टीवी टुडे नेटवर्क, जनसंदेश, श्री न्यूज़, भारत खबर, स्पोर्ट्सकीड़ा, WION और ज़ी न्यूज़ में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. उन्होंने 3 लोकसभा चुनाव और कई विधानसभा चुनाव से लेकर देश की बड़ी घटनाओं को कवर किया है. अपने डेढ़ दशक के मीडिया करियर में शारिकुल ने देश की राजनीति, इंटरनेशनल डिप्लोमेसी, खेलकूद से जुड़ी घटनाओं की अच्छी समझ हासिल की है. कितने साल का तजुर्बा: 16 साल शिक्षा: शारिकुल ने बैंगलोर यूनिवर्सिटी (आचार्य इंस्टीट्यूट) से बीए जर्नलिज्म और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी (एपीजे इंस्टीट्यूट) से मास्टर्स इन जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई की है.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ