उत्तराखंड में भाजपा के वरिष्ठ नेता रामशरण नौटियाल सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए. कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल की मौजूदगी में नौटियाल ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. रामशरण नौटियाल बॉलीवुड के मशहूर गायक जुबिन नौटियाल के पिता हैं.
नौटियाल पहले भी कांग्रेस में रह चुके हैं. वह करीब 12 साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे. नौटियाल का कांग्रेस में स्वागत करते हुए सैलजा ने कहा कि पार्टी के पुराने साथी की घर वापसी हुई है. उन्होंने कहा, ‘हमारे पुराने साथी रामशरण नौटियाल जी को भाजपा में घुटन महसूस हुई. वहां के माहौल और काम से उनका मन खिन्न हो गया. रामशरण नौटियाल जी फिर से कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं. मैं उनका स्वागत करती हूं.’
गोदियाल ने भी नौटियाल का पार्टी में स्वागत किया और उम्मीद जताई कि उनके आने से उत्तराखंड में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी. उन्होंने कहा, ‘आज रामशरण नौटियाल ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है. इस मौके पर मैं कांग्रेस पार्टी में उनका स्वागत करता हूं. हमें उम्मीद है कि नौटियाल जी की मौजूदगी से कांग्रेस पार्टी को ताकत मिलेगी.’
नौटियाल 2022 में उत्तराखंड के चकराता विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. वह देहरादून के जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुके हैं.