हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: CycloneTiger ShroffGyanesh KumarBigg Boss 20

ऋषिकेश में ग्रेटर नोएडा के कारोबारी ने गंगा में लगाई छलांग, 6 पन्नों का नोट छोड़ा

ऋषिकेश में रिजॉर्ट चलाने वाले ग्रेटर नोएडा के कारोबारी नीरज गुप्ता गंगा में कूदने के बाद लापता हैं. पत्नी ने दो लोगों पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है. पुलिस तलाश और जांच में जुटी है.

विज्ञापन
ऋषिकेश में रिजॉर्ट चलाने वाले कारोबारी नीरज गुप्ता गंगा में कूदने के बाद लापता हैं (Photo- ANI)

उत्तराखंड के ऋषिकेश में रिजॉर्ट चलाने वाले ग्रेटर नोएडा के कारोबारी नीरज गुप्ता गंगा में कूद गए. घटना के बाद से उनका कोई पता नहीं चल पाया है. एसडीआरएफ और पुलिस की टीम गंगा में उनकी तलाश कर रही है. नीरज गंगा भोगपुर तल्ला में ‘पनाम्बी रिजॉर्ट एंड स्पा’ चलाते थे. बताया जा रहा है कि गंगा में कूदने से पहले उन्होंने रिजॉर्ट के एक कर्मचारी को छह पन्नों का एक नोट दिया था. पुलिस के मुताबिक, इसमें एक पन्ने पर अपनी जान देने की वजह लिखी गई है, जबकि बाकी पन्नों में दूसरी बातें बताई गई हैं.

नीरज की पत्नी विनीता गुप्ता ने उनके दो दोस्तों, रवि बजाज और गगन बत्रा, पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है. पत्नी का कहना है कि जमीन की खरीद-बिक्री और पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था. उन्होंने कुछ अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए हैं. विनीता ग्रेटर नोएडा के एटीएस ग्रीन पैराडिसो की रहने वाली हैं. उन्होंने बुधवार को लक्ष्मणझूला थाने में शिकायत दी. पुलिस के मुताबिक, गंगा किनारे नीरज के जूते और घड़ी मिले हैं.

चश्मदीदों ने भी उन्हें गंगा में कूदते हुए देखने की बात कही है. पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने रवि बजाज, गगन बत्रा और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है. लक्ष्मणझूला थाने के प्रभारी सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि नीरज की तलाश के लिए गंगा में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. हालांकि, अभी तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है. इस घटना से उनकी पत्नी और इकलौता बेटा सदमे में हैं.

विज्ञापन

छह पन्नों के नोट में क्या लिखा है?

पुलिस के अनुसार, नीरज ने छह पन्नों का नोट रिजॉर्ट के एक कर्मचारी को दिया था. इसमें एक पन्ने पर अपनी जान देने का जिक्र है, जबकि बाकी पांच पन्नों में दूसरी जानकारी लिखी गई है. पुलिस नोट की जांच कर रही है. अभी तक नीरज के लापता होने की पूरी वजह स्पष्ट नहीं हुई है.

देहरादून के कारोबारी से 22.44 लाख रुपये की ठगी का आरोप

देहरादून में भी धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है. एक कारोबारी ने ओडिशा की कंपनी से क्रैश बैरियर का सामान मंगवाने के लिए 22.44 लाख रुपये एडवांस दिए थे. आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी कंपनी ने सामान नहीं भेजा और रकम भी वापस नहीं की. खेतवाल प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर गोपाल सिंह खेतवाल ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने ओडिशा के भुवनेश्वर इलाके में रहने वाली अनीता चौधरी और सीमांचल चौधरी पर आरोप लगाया है. गोपाल सिंह के मुताबिक, उन्होंने 6 जून 2026 और 30 जून 2026 को चेक के जरिए कुल 22.44 लाख रुपये दिए थे. यह रकम क्रैश बैरियर के सामान के लिए दी गई थी. लेकिन आरोपियों ने न तो सामान भेजा और न ही पैसे लौटाए. डालनवाला थाने के इंस्पेक्टर विनोद गुसाईं ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola