Ramnagar Bulldozer Action: उत्तराखंड के रामनगर में वन भूमि पर कथित अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन ने ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया है. तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अपर कोसी क्षेत्र में सुबह करीब 6:30 बजे बुलडोजर की कार्रवाई शुरू हुई. इस अभियान में तकरीबन 80 से 82 परिवारों के कच्चे और पक्के मकानों को हटाया जा रहा है. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और फायर सर्विस की टीमें तैनात की गई हैं.
देर रात से ही घर खाली करने लगे थे परिवार
बुलडोजर एक्शन की जानकारी मिलने के बाद कई प्रभावित परिवारों ने रात में ही अपने मकानों को खाली करना शुरू कर दिया था. कुछ लोग खुद अपने घरों को तोड़कर ईंटें, दरवाजे और अन्य सामान निकालते दिखाई दिए, ताकि उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके. इसके बाद सुबह प्रशासन ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी. पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है और अधिकारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं.
फेज-1 में हटाए गए थे 51 परिवार
अपर कोसी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई दूसरे चरण के तहत की जा रही है. इससे पहले साल 2025 में अभियान के पहले चरण में करीब 51 परिवारों को हटाया गया था. दूसरे चरण में 90 से ज्यादा परिवारों के मकानों को हटाने की योजना बनाई गई थी. हालांकि इनमें से करीब 9 से 10 परिवारों के मामले हाईकोर्ट में विचाराधीन हैं. इसी वजह से फिलहाल इन परिवारों को कार्रवाई से बाहर रखा गया है. बाकी 80 से 82 परिवारों के मकानों को हटाने का अभियान चल रहा है.
घर टूटने की आशंका से परेशान लोग
कार्रवाई शुरू होने से पहले प्रभावित बस्ती में तनाव और मायूसी का माहौल रहा. कई महिलाएं और पुरुष अपने घरों को टूटने की आशंका से भावुक नजर आए. इन परिवारों ने चिंता जताई कि ठंड के मौसम में छोटे बच्चों और अन्य सदस्यों के साथ वो कहां जाएंगे.
4 सुपर जोन और 14 सेक्टर में सुरक्षा व्यवस्था
प्रशासन ने अभियान को व्यवस्थित ढंग से पूरा कराने के लिए पहले से सुरक्षा योजना तैयार की थी. पूरे इलाके को 4 सुपर जोन, 7 जोन और 14 सेक्टरों में बांटा गया है. एक्शन के दौरान 525 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की तीन कंपनियां तैनात हैं. पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों के अलावा प्रशासनिक अमला भी मौके पर मौजूद है. आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस की टीमों को भी तैनात किया गया है. प्रशासन का कहना है कि अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं.