Greater Noida News: 30 अक्टूबर को ही होगा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन, पीएम नरेन्द्र मोदी आएंगे
Written By News24 हिंदी

Written By News24 हिंदी

Greater Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेवर पहुंचकर एयरपोर्ट की तैयारियों का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन का नया द्वार बनेगा. ऐसे में यह साफ हो गया है कि 30 अक्टूबर को ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा. अभी तक इस पर सस्पेंस बना हुआ था. शनिवार को सीएम योगी ने पीएम मोदी को इसके लिए आमंत्रित किया है.
मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के टर्मिनल बिल्डिंग, रनवे, एप्रन, कंट्रोल टॉवर और पार्किंग एरिया का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने मौके पर मौजूद इंजीनियरों और अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और जल्द से जल्द सभी निर्माण व व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए.
सीएम योगी ने कहा कि एयरपोर्ट का निर्माण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का हिस्सा है, जो उत्तर प्रदेश को लॉजिस्टिक्स और एविएशन हब के रूप में स्थापित करेगा. उन्होंने कहा कि संचालन शुरू होने के बाद यह एयरपोर्ट प्रदेश की आर्थिक उड़ान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा.
जेवर विधायक ने कहा कि यह एयरपोर्ट दिल्ली-एनसीआर की जरूरतों को पूरा करेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश, व्यापार और विकास के नए युग में प्रवेश दिलाएगा.
एयरपोर्ट का उद्घाटन 30 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तावित है. मुख्यमंत्री के निरीक्षण से पहले यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट के सभी प्रमुख कार्य अंतिम चरण में हैं और संचालन संबंधी परीक्षण लगातार जारी हैं.
उद्घाटन से पहले एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीआईएसएफ और अन्य एजेंसियों को तैनात किया गया है. रनवे, टर्मिनल और पार्किंग एरिया की फाइनल तैयारी की जा रही है. दो दिन पहले ही यात्रियों के आगमन और बोर्डिंग प्रक्रिया का सफल ट्रायल किया गया था, जिसे दोहराया भी जाएगा ताकि उद्घाटन के दिन किसी प्रकार की तकनीकी या संचालन संबंधी परेशानी न हो.
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: