हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB

विदेश भेज रहे है कोरियर तो हो जाएं सावधान, नोएडा में बीपीसीएल के रिटायर्ड सीजीएम को बनाया शिकार

fraud in Noida
विज्ञापन

Noida News : नोएडा में कोरियर द्वारा सामान विदेश भेजने के नाम पर भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड के रिटायर्ड सीजीएम के साथ ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि इस घटना को एक नामी कोरियर कंपनी डीटीडीसी के एजेंट ने अंजाम दिया है। पीड़ित ने जब उसको फोन किया तो वह अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है। ढाई महीने तक जब कोरियर लंदन नहीं पहुंचा तो परेशान होकर पीड़ित ने मामले में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

30 हजार करवाए ट्रांसफर और 70 हजार का था सामान

नोएडा के सेक्टर 107 में पवन कुमार रहते है। वह बीपीसीएल से सीजीएम के पद से रिटायर्ड है। उनका बड़ा बेटा लंदन में रहता है। उन्होंने पुलिस को बताया कि एक अप्रैल को लगभग 70 हजार रुपये कीमत का घरेलू सामान लंदन भेजने के लिए कोरियर कंपनी से संपर्क किया। कंपनी कर्मी वेद शर्मा ने बताया कि वह नोएडा में काम करता है। पीड़ित ने फोन पर जब वेद को बताया कि वह बुजुर्ग है तो वेद ने दो लोगों को घर भेजकर कोरियर का सामान उठवा लिया। कहा कि चार दिन में कोरियर लंदन पहुंच जाएगा। इसके बदले उसने कंपनी के खाते में 30,267 रूपये ट्रांसफर करा लिए। आरोपी ने ट्रैकिंग नंबर के साथ रसीद भी दी। उस दौरान पीड़ित को लगा कि उनका कोरियर चार दिन में बेटे के पास लंदन पहुंच जाएगा।

गुरूग्राम में है एजेंट

कई दिनों तक जब कोरियर लंदन नहीं पहुंचा तो पीड़ित पवन कुमार कंपनी के आफिस पर गए। वहां उनको पता चला कि वेद शर्मा गुरूग्राम में एजेंट है। उन्होंने उसको कई बार फोन किया, हर बार वह पीड़ित को टरका देता। अब आरोपी फोन पर अभद्रता करने लगा है। वहीं इस मामले में एसीपी प्रवीण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर एजेंट वेद शर्मा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

Sponsored Links by Taboola