पुलिस हेड कांस्टेबल ने महिला से की ऐसी हरकत, चली गई नौकरी
Author: Md Junaid Akhtar
2025-05-02 17:20:38
Noida News: नोएडा पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को बर्खास्त किया गया है। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने एक महिला से मारपीट करते हुए अभद्रता की थी। बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल ने पहले युवक को पीटा था। इस दौरान बीच-बचाव कर रही महिला को भी थप्पड़ जड़ दिए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया था। साथ ही विभागीय जांच शुरू कर दी गई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर शुक्रवार को हेड कांस्टेबल को बर्खास्त कर दिया गया है।
27 अप्रैल को की थी मारपीट
नोएडा पुलिस कमिश्नरेट 27 अप्रैल को बीटा 2 थाना क्षेत्र में तैनात पीआरवी को ऐच्छर चौकी क्षेत्र में कार द्वारा एक बाइक को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पीआरवी मदद के लिए मौके पर पहुंची। पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी की, वहां मौजूद एक व्यक्ति से कहासुनी हो गई जिससे नाराज सिपाही ने गुस्से में आकर व्यक्ति को थप्पड़ जड़ दिया। इसी दौरान बीच बचाव करने आई एक महिला को भी हेड कांस्टेबल ने थप्पड़ जड़ दिया।
30 अप्रैल को किया गया था सस्पेंड
वहीं इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद 30 अप्रैल को हेड कांस्टेबल भूपेंद्र मलिक को सस्पेंड कर दिया और मामले की जांच डायल-112 के एसीपी द्वारा की गई। सूत्रों से पता चला है कि जांच के दौरान हेड कांस्टेबल और होमगार्ड को लेकर कई ओर कारनामे भी अधिकारियों को पता चले। जिसके बाद एसीपी ने रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी।
पीआरवी-1860 पर तैनात था हेड कांस्टेबल
बताया जा रहा है कि जांच में पीआरवी-1860 पर तैनात हेड कांस्टेबल भूपेंद्र मलिक एवं होमगार्ड सत्य प्रकाश को महिला से अभद्रता करने का दोषी पाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसी कार्यप्रणाली को ‘कतई बर्दाश्त नहीं करने’ की नीति (जीरो टॉलरेंस) को अपनाते हुए हेड कांस्टेबल भूपेंद्र मलिक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। इसके अलावा होमगार्ड सत्य प्रकाश की बर्खास्तगी की सिफारिश करते हुए जिला होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिखा गया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines