Noida News: नोएडा में प्राधिकरण पर फूटा लोगों का गुस्सा, पानी की मांग को लेकर धरने पर बैठे
Author: News24 हिंदी
Jun 16, 2025 02:23 PM IST
Noida News: नोएडा में 5 दिनों से पानी की समस्या झेल रहे लोगों के सब्र का बांध टूट गया है। सोमवार सुबह लोगों ने नोएडा प्राधिकरण के गेट पर धरना प्रदर्शन करना शुरू कर दिया है। नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ हाय-हाय की नारेबाजी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। लोगों की मांग है कि पानी की समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए। इस समस्या के चलते लोगों की डेली की चीजें प्रभावित हो रही है। ऑफिस जाने में दिक्कत हो रही है।
गंगाजल आपूर्ति वाली लाइन खराब हुई थी
दरअसल, 80 क्यूसेक गंगाजल आपूर्ति वाली लाइन खराब हो गई थी। इस वजह से 9 से 13 जून तक पानी की सप्लाई में समस्या हुई। जिसे ठीक कराया गया, लेकिन अब एक बार फिर से निवासियों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के दौरान लोगों को ज्यादा पानी की जरूरत पड़ती है। प्राधिकरण की तरफ से ऑप्शनल व्यवस्था करने की बात कही गई थी, जिससे निवासियों को राहत नहीं मिली है। ऐसे में लोगों की मांग है कि पानी की समस्या जल्द से जल्द ठीक हो।
इन सेक्टरों में ज्यादा दिक्कत
नोएडा के सेक्टर 75 से 78 तक पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। इन सेक्टरों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां बनी अंतरिक्ष गोल्फ व्यू समेत कई अन्य सोसायटी में पानी नहीं आने से लोग परेशान हैं। इसी वजह से परेशान लोगों ने नोएडा प्राधिकरण के गेट पर धरना प्रदर्शन किया है। वे लगातार नारेबाजी कर रहे हैं। वहीं, सेक्टर 12 व 22 में भी पानी का प्रेशर बहुत कम है, इस वजह से भी लोग परेशान हैं।
टैंकर का सहारा लेना पड़ा
नोएडा में जहां-जहां सोसायटी व सेक्टर में पानी की दिक्कत हुई, वहां टैंकर का सहारा लेना पड़ा। प्राधिकरण की तरफ से अलग-अलग जगह पर पानी के टैंकर भिजवाए गए। जो लोग ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं, उनकी तो समस्या का समाधान हो गया, लेकिन जो लोग ऊंची इमारत में रहते हैं, उन लोगों के सामने समस्या लगातार बनी हुई है। वे पानी की सप्लाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा वेस्ट की किस सोसायटी में हवा में लटका सरिया, क्यों मेंटेनेंस फीस में उठी कटौती की बात?