नोएडा में 10 कोचिंग सेंटरों को बंद करने का आदेश; मुखर्जी नगर की घटना के बाद प्रशासन ने उठाया कदम
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Noida News: दिल्ली के मुखर्जी नगर में कोचिंग सेंटर में आग की घटना के बाद नोएडा में भी सख्ती कर दी गई है। गौतमबुद्ध नगर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) ने जिले के 10 कोचिंग सेंटरों को फायर एनओसी नहीं होने पर तत्काल प्रभाव से बंद करने का निर्देश दिया है।
जानकारी के अनुसार, जिले के डीआईओएस धर्मवीर सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई 15 जून को दिल्ली के मुखर्जी नगर में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने के बाद की गई है। उसमें कई छात्र घायल हो गए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें देखा जा सकता था कि छात्र तारों के सहारे इमारत से उतरने की कोशिश कर रहे थे। छात्र गिर भी गए थे।
डीआईओएस ने बताया कि यह घटना कोचिंग सेंटरों में पढ़ने वाले छात्रों के जीवन के लिए खतरनाक थी। घटना के बाद नोएडा के 54 कोचिंग सेंटरों को नोटिस दिया गया, जिसमें उनसे कहा गया था कि डीआईओएस के पूर्व पंजीकरण के साथ फायर विभाग की ओर से जारी एनओसी डीआईओएस कार्यालय में 21 जून तक जमा कराएं।
हालांकि 21 जून तक 10 कोचिंग सेंटरों ने नोटिस का जवाब नहीं दिया। अधिकारी ने बताया कि इससे स्पष्ट होता है कि ये कोचिंग सेंटर उचित सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन प्रणाली के बिना ही चल रही थी। इन केंद्रों ने न तो कोई जवाब दिया और न ही कोई स्पष्टीकरण दिया, इसलिए तत्काल प्रभाव से इन्हें बंद करने का निर्देश दिया गया है।
बता दें कि वर्ष 2019 में गुजरात के सूरत में एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने के बाद 22 छात्रों की मौत हो गई। इसके अलावा अभी हाल ही में दिल्ली के मुखर्जी नगर में भी अग्निकांड हुआ था। बताया गया है कि नोएडा में इस कार्रवाई से पहले भी अग्निशमन विभाग ने चार कोचिंग सेंटरों को सील किया था।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: