Noida News: नोएडा में एनकाउंटर, शातिर बदमाश को लगी गोली
Author: News24 हिंदी
Aug 16, 2025 01:07 PM IST
Noida News: नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस और एक शातिर चोर के बीच शनिवार सुबह सेक्टर-92 क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल फोन बरामद हुए है।
बिना नंबर की बाइक पर सवार था बदमाश
पुलिस ने बताया कि आज सुबह फेस-2 क्षेत्र में सेक्टर-92 मार्ग पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक से आता दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया तो वह एनएसईजेड की ओर तेजी से भागने लगा।
पुलिस ने किया पीछा
पुलिस टीम ने तुरंत उसका पीछा किया। संदिग्ध युवक ग्रीन बेल्ट के पास नाले की ओर मुड़ गया और सामने से आ रही दूसरी पुलिस टीम को देखकर मोटरसाइकिल छोड़कर भागने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया।
पैर में लगी गोली
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान सोनू उर्फ पगला के रूप में हुई है। वह मैनपुरी के गांव सकरा का रहने वाला है। वर्तमान में वह नोएडा के गेझा में रह रहा था।
ये भी पढ़ें: Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लिफ्ट अटकी, महिला हुई बेहोश, 45 मिनट तक नहीं मिली मदद