Noida News: दीपावली की रात नोएडा में 26 जगह लगी आग, टली बड़ी अनहोनी

Noida News: दीपावली की रात जहां पूरा शहर रोशनी में डूबा था, वहीं गौतमबुद्धनगर के फायर कर्मी 26 अलग-अलग जगहों पर आग बुझाने में जुटे रहे. कहीं फ्लैट में आग लगी, तो कहीं फैक्ट्री में लपटें उठी.

Noida Fire In Factory

Noida News: दीपावली की रात जहां पूरा शहर रोशनी में डूबा था, वहीं गौतमबुद्धनगर के फायर कर्मी 26 अलग-अलग जगहों पर आग बुझाने में जुटे रहे. कहीं फ्लैट में आग लगी, तो कहीं फैक्ट्री में लपटें उठी. धुएं और ज्वालाओं से जूझते हुए दमकलकर्मियों ने जान की परवाह किए बिना समय पर आग पर काबू पाया और बड़ी दुर्घटनाओं को टाल दिया.

धुएं में फंसी महिला को बचाया

सेक्टर-51 केंद्रीय विहार फ्लैट बी-38 में आग लगने की सूचना से हड़कंप मच गया. फ्लैट बंद था और अंदर एक 50 वर्षीय महिला फंसी थी. फायर कर्मियों ने जैकेट सेट पहनकर जहरीले धुएं में प्रवेश किया और गैस सिलेंडर बाहर निकालते हुए आग पर पूरी तरह काबू पाया. महिला को स्थानीय लोगों ने पहले ही बाहर निकाल लिया था.

गत्ता फैक्ट्री और सेनेट्री शोरूम में लगी भीषण आग

ग्रेटर नोएडा की साइट-5 स्थित प्लॉट डी-200 और 201 में गत्ता फैक्ट्री में आग लग गई. ईकोटेक-1 और ग्रेटर नोएडा फायर स्टेशन की यूनिटों ने मिलकर आग बुझाई. वहीं साइट-4, कासना स्थित प्लॉट डी-77 में एक शोरूम के तीन मंजिलों पर आग फैल गई. फायर टीम ने लगभग 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और आस-पास के भवनों को सुरक्षित किया.

फ्लैटों की बालकनी में उठी चिंगारी

सेक्टर-76 की आदित्य सेलिब्रिटी होम्स में दीपावली की रात फ्लैट की बालकनी में आग लगी. वापसी में टीम को सेक्टर-74 स्थित अजनारा हेरिटेज के जे और के ब्लॉक में भी आग की सूचना मिली. फायर टीम ने समय पर पहुंचकर फ्लैटों की बालकनी में लगी आग को फैलने से रोका और पूरी इमारत को सुरक्षित किया.

फैक्ट्री में आग, समय रहते काबू

सेक्टर-6 प्लॉट ई-18 में स्थित फैक्ट्री में आग की सूचना पर फेज-1 से तीन दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया. समय रहते कार्रवाई से अन्य हिस्से जलने से बच गए.

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ