नोएडा अथॉरिटी का डंपिंग ग्राउंड शहर के लिए बना नासूर, आग की वजह से 50000 लोग परेशान

Uttar Pradesh Noida News : नोएडा अथॉरिटी का सेक्टर-32ए में डंपिंग ग्राउंड है। इस ग्राउंड में हर साल आग लगने की घटना सामने आती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आग लगने के बाद यहां से उठने वाले धुएं से आसपास रहने वाली एक बड़ी आबादी को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अथॉरिटी हर बार इस समस्या से निजात दिलाने का आश्वासन देती है, लेकिन समाधान नहीं होता है।

Noida Dumping Ground

Noida Dumping Ground

Uttar Pradesh Noida News (जुनेद अख्तर) : नोएडा में सेक्टर-32ए स्थित अथॉरिटी के हॉर्टिकल्चर विभाग के बने डंपिंग ग्राउंड में बुधवार को आग लगी थी। 24 घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया गया है। बृहस्पतिवार को भी डंपिंग ग्राउंड में आग लगी हुई है। डंपिंग ग्राउंड से धुआं उठ रहा है। फायर ब्रिगेड के करीब 85 जवान 20 गाड़ियों की मदद से आग बुझाने में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि आग बुझने में 4 से 5 दिन का समय लग सकता है। आग के धुएं से आसपास की सोसायटियों और गांव में रहने वाली करीब 50 हजार से ज्यादा की आबादी का बुरा हाल है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत आ रही है। बृहस्पतिवार को बुजुर्ग और बच्चे मार्निंग वॉक के लिए भी घर से बाहर नहीं निकले।

डंपिंग ग्राउंड को किया आइसोलेट

चीफ फायर ऑफिसर (CFO) प्रदीप चौबे ने बताया कि आग को काबू पाने में अभी 4 से 5 दिन का वक्त लग सकता है। अगर इस बीच कोई बड़ी आग कहीं और नहीं लगी तब ज्यादा से ज्यादा मैनपॉवर और गाड़ियों का इस्तेमाल कर इस आग पर काबू पाया जा सकता है। सूखी पत्तियां, पेड़ पौधों और खाद समेत अन्य तरह के वेस्ट का यह डंपिंग ग्राउंड करीब 30 से 40 फुट गहरा है और अंदर तक पानी न पहुंच पाने के कारण इसमें लगी आग को बुझा पाने में दिक्कत आ रही है। फिर भी फायर ब्रिगेड के जवान आग बुझाने की कोशिश में जुटे हैं। सीएफओ ने बताया कि पूरे इलाके को फायर के जवानों ने आइसोलेट जरूर कर लिया है। जिसके चलते अब यह आगे नहीं फैलेगी।

तीन साल से लगातार लग रही आग

सीएफओ ने बताया कि आग बुझाने में फायर ब्रिगेड के 85 जवान 20 गाड़ियों की मदद ले रहे हैं। कई किलोमीटर तक धुआं उठता दिख रहा है। इससे पहले भी दो बार यहां आग लग चुकी है। एक बार 2023 और दूसरी बार इसी मौसम 2024 में आग लगी थी। हर बार आग बुझाने में छह से सात दिन का समय लगा था। सेक्टर-32ए में मैदान में उद्यान विभाग द्वारा कचरा एकत्र किया जाता है। इसके लिए यहां गहरे गड्ढे बनाकर पत्तों को दबा दिया जाता है। बताया गया है कि कई दिनों से यहां पर गीला और सूखा कूड़ा भी फेंका जा रहा है। सीएफओ ने बताया कि आग कैसे लगी, इसकी जांच की जा रही है। इस घटना को लेकर अथॉरिटी के अधिकारियों को पूर्व में भी पत्र लिखे जा चुके हैं।

कई सेक्टर और गांव धुएं से परेशान

यह डंपिंग ग्राउंड शहर के बीचों-बीच है। डंपिंग ग्राउंड के आसपास घनी आबादी रहती है। आसपास के इलाकों की बात करें तो इसमें सेक्टर 30, सेक्टर 31, सेक्टर 32, सेक्टर 34, सेक्टर 35, मोरना गांव, सेक्टर 54, होशियापुर आदि इलाकों में 50 हजार लोगों की बड़ी आबादी रहती है। डंपिंग ग्राउंड में आग लगने के बाद इस बड़ी आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को सांस लेने में दिक्कत आ रही है। तेज चल रही हवा इस धुएं को काफी दूर तक ले जा रही है।

डंपिंग ग्राउंड से लगातार निकल रहा धुंआ

लोगों को सांस लेने में हो रही परेशानी आग लगने के बाद धुंए का गुब्बार आसमान में छा गया। घटना स्थल से लगातार धुंआ निकल रहा है। एलिवेटेड रोड समेत आसपास की सड़कों से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी दिक्कत हो रही है। सबसे अधिक परेशानी सांस के रोगियों को हो रही है। लोग आग लगने के जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

नोएडा अथॉरिटी की जेसीबी खोद रही गड्ढा

नोएडा अथॉरिटी के अधिकारी के मुताबिक, यहां बड़े-बड़े गड्ढों में कूड़ा भरा हुआ है। गड्ढों के अंदर तक पानी का छिड़काव किया जा रहा है। दरअसल, यहां गड्ढों में उद्यान का कचरा डाला जाता है। इसी कचरे में आग लगी है। आग को बुझाने के लिए नोएडा अथॉरिटी की ओर से जेसीबी लगाई गई हैं, जिनकी मदद से गड्ढों को खोदा जा रहा है और आग को बुझाया जा रहा है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ