दिल्ली-NCR का सबसे बड़ा जाम होने वाला है खत्म! NHAI ने दी लाखों लोगों को राहत की खबर

Ashram Badarpur Traffic: दिल्ली के सबसे व्यस्त आश्रम-बदरपुर रूट को जाम मुक्त करने के लिए एनएचएआई ने 600 करोड़ का मास्टर प्लान तैयार किया है. जल्द ही यहां सभी रेड लाइट हटाकर फ्लाईओवर बनाए जाएंगे.

NHAI Begins Plan to Make Ashram–Badarpur Route Jam-Free

दिल्ली-NCR के सबसे व्यस्त रूट को मिलेगी बड़ी राहत

विज्ञापन

Ashram Badarpur Traffic: दिल्ली के सबसे व्यस्त और जाम के लिए बदनाम ‘आश्रम-बदरपुर’ रोड पर सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने इस पूरे रूट को जाम मुक्त करने की तैयारी पूरी कर ली है. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली और फरीदाबाद के बीच आने-जाने वाले यात्रियों को रोजाना की रेंगती ट्रैफिक से हमेशा के लिए आजादी मिल जाएगी. वर्तमान में स्थिति यह है कि आश्रम चौक से बदरपुर बॉर्डर तक के करीब साढे आठ किलोमीटर लंबे हिस्से को पार करने में लोगों को पौना घंटा तक लग जाता है. सुबह और शाम के व्यस्त घंटों में यहां गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे दफ्तर जाने वालों और आम जनता को भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ता है.

600 करोड़ का बजट और डीपीआर तैयार

इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अमलीजामा पहनाने के लिए एनएचएआई ने इसकी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) लगभग तैयार कर ली है. विभागीय सूत्रों और अधिकारियों के मुताबिक इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 500 से 600 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया गया है. योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए शुक्रवार को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में एनओसी के लिए आवेदन भी कर दिया गया है. जैसे ही मंत्रालय से पेड़ों की कटाई और अन्य पर्यावरणीय मंजूरी मिल जाएगी, विभाग तुरंत टेंडर प्रक्रिया शुरू कर देगा. उल्लेखनीय है कि पिछले साल ही दिल्ली सरकार ने इस मार्ग की गंभीरता को देखते हुए इसे एनएचएआई को सौंप दिया था ताकि केंद्र सरकार की एजेंसी इसे नेशनल हाईवे के मानकों के अनुरूप जाम मुक्त बना सके.

विज्ञापन

फ्लाईओवर का जाल और ट्रैफिक लाइट का खात्मा

जाम को जड़ से खत्म करने के लिए एनएचएआई ने एक ठोस रणनीति बनाई है. योजना के मुताबिक आश्रम से बदरपुर के बीच जितनी भी जगहों पर ट्रैफिक लाइट मौजूद हैं, उन सभी पॉइंट्स पर शानदार फ्लाईओवर बनाए जाएंगे. वर्तमान में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, ओखला, सीआरआरआई और सरिता विहार जैसी जगहों पर ट्रैफिक सिग्नल होने की वजह से वाहनों को बार-बार रुकना पड़ता है, जिससे पीछे तक जाम लग जाता है. मदनपुर खादर और आली गांव के पास भी यही समस्या है. इन सभी जगहों पर फ्लाईओवर बन जाने से ट्रैफिक बिना किसी रुकावट के सरपट दौड़ सकेगा. हालांकि इस निर्माण कार्य के लिए कुछ पेड़ों की कटाई की जरूरत होगी, जिसके लिए प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए.

वैकल्पिक मार्ग और बेहतर कनेक्टिविटी

फरीदाबाद से दिल्ली की ओर आने वाले वाहनों के लिए फिलहाल दिल्ली-आगरा हाईवे ही मुख्य रास्ता है, लेकिन जल्द ही उन्हें डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के रूप में एक बेहतरीन विकल्प मिलने वाला है. इस एक्सप्रेसवे का काम 93 प्रतिशत से ज्यादा पूरा हो चुका है और अगले दो महीनों में इसके शुरू होने की उम्मीद है. कालिंदी कुंज चौक के पास आर्च ब्रिज बनते ही यह मार्ग पूरी तरह तैयार हो जाएगा. परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने पुष्टि की है कि आश्रम से बदरपुर तक के हाईवे को सिग्नल फ्री बनाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. एक बार जब डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे और आश्रम-बदरपुर फ्लाईओवर प्रोजेक्ट्स पूरे हो जाएंगे, तो दक्षिण दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में कनेक्टिविटी की एक नई परिभाषा लिखी जाएगी और लोगों का घंटों का सफर मिनटों में सिमट जाएगा.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें

/ताज़ा खबरें

विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ