Newly Married Couple Found Dead: यूपी के सिद्धार्थनगर जिले में शादी के महज एक दिन बाद नए शादीशुदा जोड़े की संदिग्ध हालात में मौत से हड़कंप मच गया. मंगलवार, 22 सितंबर 206 सुबह कमरे में 21 साल के दूल्हा देशराज चौहान फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी अनीता चौहान का शव बिस्तर पर पड़ा था. सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद क्लियर होने की बात कही जा रही है.
हुई थी लव मैरिज
बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव निवासी देशराज और जोगिया क्षेत्र की अनीता के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. दोनों परिवारों की सहमति के बाद करीब 3 महीने पहले उनकी शादी तय हुई थी. देशराज के मुंबई से लौटने के बाद अनीता उसके घर आई थी. इसके बाद सोमवार, 21 सितंबर 2026 को दोनों परिवारों की मौजूदगी और सहमति से बांसी स्थित टेकधर मंदिर में उनके 7 फेरे कराए गए थे.
सुबह कमरे में मिला खौफनाक मंजर
परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद रिश्तेदार खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे. मंगलवार सुबह देशराज की मौसी मीनाक्षी दोनों को जगाने के लिए कमरे के पास पहुंचीं. अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने दरवाजे को धक्का दिया, जिसके बाद वह खुल गया. कमरे के अंदर देशराज साड़ी के फंदे से छत की कुंडी पर लटका मिला, जबकि अनीता की लाश बिस्तर पर मिली. ये खौफनाक मंजर देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई.
बीमारी की बात भी आई सामने
अनीता की बहन के मुताबिक कमरे में अंदर से कुंडी नहीं लगी थी. परिवार का कहना है कि दोनों की शादी उनकी सहमति से हुई थी और किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं थी. परिजनों ने बताया कि देशराज ने शादी से पहले टाइफाइड होने की बात कही थी, लेकिन इलाज कराने से इनकार कर दिया था. हालांकि इस बीमारी और दोनों की मौत के बीच कोई कनेक्शन है या नहीं, ये जांच के बाद ही साफ होगा.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बांसी के सर्कल शुबेन्दु सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे. पूछताछ में मौत का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.