नोएडा में शराब पीने को लेकर पत्नी से झगड़े के बाद नाले में कूदने से 29 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस, फायर डिपार्टमेंट, नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स और स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स के कई घंटों के रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उसका शव बरामद किया गया. यह मामला बुधवार को सेक्टर 81 मेट्रो स्टेशन के पास का है.
मृतक का नाम रवि बताया जा रहा है. उसके कूदने की खबर से हड़कंप मच गया. रवि एटा का रहने वाला था और अभी नोएडा के हरौला में रह रहा था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह शराब पीता था. इसके लिए पत्नी उसे रोकती थी, लेकिन उसने शराब पीना बंद नहीं किया. शराब पीने की इसी आदत की वजह से दोनों में अक्सर झगड़ा होता था. बुधवार शाम में भी शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ था. इसके बाद वह नाले में कूद गया, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.
जब वह नाले में कूदा तो वहां कई लोग थे. नाला गहरा था, जिसकी वजह से हड़कंप मच गया. उसके कूदने के बाद पुलिस को जानकारी दी . सूचना मिलने के बाद सेक्टर 39 थाने की पुलिस टीम और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंचीं. इसके बाद दोनों ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. कई घंटों तक जब उसका पता नहीं चला तो फायर सर्विस के कर्मचारी उसे खोजने के लिए नाले में उतरे. SDRF और NDRF की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया. इन टीमों ने भी अपना सर्च ऑपरेशन शुरू किया.
कई घंटों की कोशिश के बाद सुबह करीब 6 बजे रवि का शव बरामद किया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है.