हमारे साथ जुड़ें X IG YT FB
Trending: Asian Games 2026election commissionBigg Boss 20

कैसे हुआ लखनऊ अग्निकांड? दीवार तोड़कर निकाले गए लोग, डिप्टी सीएम ने कही ये बात

लखनऊ के अलीगंज इलाके में तीन मंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने 15 लोगों की जान ले ली. मृतकों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है. फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने दीवार तोड़कर लोगों को बाहर निकाला और देर शाम तक राहत-बचाव अभियान जारी रहा.

विज्ञापन
Credit: News24

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया. तीन मंजिला इमारत में लगी आग में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. मृतकों में ज्यादातर छात्र बताए जा रहे हैं, जो इमारत की लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर में मौजूद थे. जानकारी के मुताबिक, आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में धुआं तेजी से फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कई छात्र दूसरे फ्लोर पर मौजूद ‘लर्निंग स्पेस’ लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर में फंस गए. कुछ छात्रों ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया, जबकि एक छात्र ने जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगा दी और वो नीचे लगी ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.

ये भी पढ़ें: Lucknow Fire Inside Story: कोई खिड़की से कूदा, कोई बाथरूम में कैद, लखनऊ अग्निकांड की इनसाइड स्टोरी

रेस्क्यू ऑपरेशन में हुई परेशानी

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं. घने धुएं और तेज लपटों के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. बचाव दल ने इमारत के पीछे की दीवार को दो जगह से तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का रास्ता बनाया. इसी रास्ते से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इमारत के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और पहले फ्लोर पर पेट शॉप और क्लीनिक थे, जबकि दूसरे फ्लोर पर लाइब्रेरी और एनिमेशन से जुड़ा संस्थान चल रहा था. आग लगने के बाद कुछ लोग समय रहते बाहर निकल गए, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए थे. देर शाम तक राहत और बचाव अभियान जारी रहा. लचश्मदीदों के मुताबिक आग की शुरुआत बिजली के खंभे में हुए शॉर्ट सर्किट से हुई. इसके बाद आग तेजी से ऊपर की ओर फैल गई और पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया. हालांकि आग लगने के असली कारणों की जांच अभी जारी है और प्रशासन ने विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं.

विज्ञापन

हादसे की जगह पहुंचे डिप्टी सीएम

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि अस्पतालों में डॉक्टरों और एंबुलेंस की व्यवस्था कर दी गई है, घायलों को हर मुमकिन इलाज मुहैया करवाया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए अपना कार्यक्रम रद्द कर लखनऊ लौटने का फैसला किया. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) का दौरा किया और आग लगने की घटना में घायल हुए लोगों से मुलाकात की. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अलीगंज कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए 2-2 लाख के मुआवजे का ऐलान किया है, वहीं घायलों को 50-50 हज़ार की मदद मुहैया करवाई जा रही है.

ये भी पढ़ें: लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, जान बचाने को बालकनी से कूदे छात्र; 15 लोगों की मौत

विज्ञापन

संबंधित खबरें

न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

Know More: Editorial Guidelines

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Varsha Sikri

वर्षा सिकरी News24 हिंदी डिजिटल में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. जर्नलिज्म में 9 साल का अनुभव रखने वाली वर्षा सिकरी राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्यस्तरीय न्यूज और चुनावी कवरेज करती हैं. वर्षा सिकरी ने सितंबर 2017 में इंडिया टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी, जिसके बाद से उन्होंने रिपब्लिक टीवी, जी न्यूज, आज तक जैसे चैनलों में काम किया. फिलहाल वो News24 के डिजिटल में सेवाएं दे रही हैं. 9 साल के करियर में वर्षा सिकरी ने नेशनल, इंटरनेशनल, पॉलिटिकल, क्राइम टॉपिक कवर करने में विशेषज्ञता हासिल की. वर्षा सिकरी का पत्रकारिता में अनुभव: 9 साल योग्यता: NRAI स्कूल ऑफ मास कम्यूनिकेशन से ग्रेजुएशन करने के बाद वर्षा सिकरी ने मीडिया में अपने करियर की शुरुआत की. उन्होंने बतौर एंकर और रिपोर्टर भी काम किया है.
... और पढ़ें

ताज़ा खबरें

Sponsored Links by Taboola