शाहजहांपुर में टला बुराड़ी जैसा कांड; तंत्र-मंत्र के नाम पर घर में भूखे-प्यासे बंद थे 7 लोग, सात दिन बाद पुलिस को ऐसे चला पता
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

शाहजहांपुर से सुशील शुक्ला की रिपोर्टः उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक हफ्ते से एक घर के कमरे में बंद परिवार के 7 लोगों का रेस्क्यू किया है। इनमें 2 महिलाएं और 5 बच्चे शामिल है। ये सभी लोग पिछले एक हफ्ते से भूखे-प्यासे बंद थे।
आसपास के लोगों को जब मामले की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसी तो उनके होश उड़े गए। सभी लोग बेहोश थे। पुलिस ने अब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। स्थानीय लोगों और पुलिस को आशंका है कि तंत्र-मंत्र के चलते पूरा परिवार कमरे में बंद था।
जानकारी के मुताबिक यह मामला शाहजहांपुर के थाना तिलहर क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज का है। यहां बनारसी नाम के शख्स के मकान में पिछले एक हफ्ते से कोई हलचल नहीं हो रही थी। शक होने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद सीढ़ी लगाकर 2 लोग घर के अंदर उतरे तो देखा कि एक कमरे में सभी लोग बंद थे। कमरा भी अंदर से लॉक कर रखा था।
सभी लोग आपस में बहकी-बहकी बातें कर रहे थे। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीन अलग-अलग ताले तोड़कर मुख्य कमरे का ताला तोड़ा। इसके बाद दो महिलाओं और पांच बच्चों का रेस्क्यू करके उन्हें निकाला। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया है। इस दौरान मोहल्ले में भारी संख्या में भीड़ लग गई।
लोगों का मानना है कि तंत्र मंत्र के लिए परिवार ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। सभी के माथे और चेहरे पर लाल रंग लगा हुआ था। जांच में सामने आया है कि सभी लोगों ने कई दिनों से कुछ नहीं खाया था। अगर वक्त रहते पुलिस इस परिवार का रेस्क्यू नहीं करती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं 3 लोगों की हालत खराब होने पर उन्हें रेफर किया गया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: