Kanpur: स्कूल ने छात्र को परीक्षा देने से रोका, पीड़ित पिता ने बताई ये वजह
Author: Deepti Sharma
Mar 10, 2025 01:33 PM IST
Kanpur News (अमित चौहान): देश की नई पीढ़ी को शिक्षा देने वाले स्कूल संचालक पैसे के लोभ में इतना डूब चुके हैं कि उन्हें बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने में जरा भी संकोच नहीं हो रहा है। ताजा मामला कानपुर के केशव नगर स्थित मदर टेरेसा स्कूल में देखने को मिला, जहां एक 8वीं क्लास के बच्चे को इसलिए परीक्षा देने नहीं दी गई क्योंकि उसकी स्कूल की फीस जमा नहीं थी। बच्चा जब स्कूल में परीक्षा देने पहुंचा तो स्कूल प्रबंधन के द्वारा उसे बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद बच्चों के अभिभावक पड़ोसी से उधार पैसा लेकर बच्चों की फीस स्कूल में जमा करने पहुंचे तो स्कूल की तरफ से लेट फीस भी देने का दबाव बनाया गया। इसके बाद इस पूरे मामले में पीड़ित अभिभावकों ने कानपुर के जिला अधिकारी और बीएसए से भी शिकायत की है, लेकिन कहीं से भी परिवार की सुनवाई नहीं हो रही है।
क्या है पूरा मामला
आपको बताते दें, कानपुर के बुरा दो में रहने वाले संजय भल्ला की बेटी और बेटा केशव नगर स्थित मदर टेरेसा स्कूल में पढ़ते हैं। उनका बेटा अंश भल्ला 8वीं क्लास में पढ़ाई करता है। अभिभावकों के मुताबिक, आज उनका बेटा जब स्कूल परीक्षा देने गया तो उसे पेपर नहीं देने दिया गया और बाहर निकाल दिया गया।
पीड़ित पिता सुनाई आपबीती
जब बेटा घर पहुंचा और आपबीती बताई तो पिता ने पड़ोसियों से 30 हजार रुपए लेकर फीस जमा करने स्कूल पहुंचे तो स्कूल प्रबंधन की तरफ से लेट फीस का भी पैसा जमा करने को कहा गया। जिसके बाद बच्चे के माता-पिता और छात्र स्कूल के ही बाहर खड़े होकर कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से भी फोन पर आपबीती बताई। इसके बाद उन्हें बीएसए कार्यालय में जाने के लिए बोला गया। पीड़ितों की अभी तक कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में खरीदें प्लॉट! आवेदन-नीलामी की आखिरी तारीख, पढ़ें पूरी जानकारी