‘पहले मकान अपने नाम कराओ… तभी शादी करूंगी’, शर्त सुनते ही बना मां का दुश्मन

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल-दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी बेटे ने प्रेम विवाह विरोध करने पर अपनी मां को बड़ी बेरहमी से चाकुओं से गोदकर मौत के घाट उतार दिया।

Kanpur News in Hindi

उत्तर प्रदेश के कानपुर से मां-बेटे के प्यार भरे रिश्ते को तार-तार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक कलयुगी बेटे ने बड़ी बेरहमी से चाकुओं से गोदकर अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इस बेटे ने अपनी मां को सिर्फ इसलिए जान से मार दिया, क्योंकि वह उसके प्रेम विवाह के खिलाफ थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

विज्ञापन

गांव की लड़की से प्रेम प्रसंग

यह मामला हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के नारायणपुरी इलाके का है। इलाके में प्रमिला सिंह (55) अपने बेटे राजा सिंह (28) के साथ रहती थीं। 10 दिन पहले प्रमिला जल गई थीं। इसका इलाज प्रमिला अपनी बेटी के पास हनुमंत विहार के नारायणपुर में करवा रही थी। राजा सिंह पास के ही गांव में खेती-किसानी का काम करता था। उसी गांव की लड़की के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। राजा उस लड़की से शादी करना चाहता था। बेटे की खुशी के लिए प्रमिला सिंह भी इस प्रेम विवाह के लिए मान गई थीं। लेकिन मामला खटास तब आया जब लड़की ने शादी के लिए एक बड़ी शर्त रखी।

विज्ञापन

लड़की ने शादी के लिए रखी शर्त

जानकारी के अनुसार, लड़की और उसके घर वालों ने शर्त रखी थी कि जब तक राजा अपनी मां का मकान अपने नाम नहीं करा लेता, तब तक यह शादी नहीं होगी। प्रमिला सिंह ने शर्त मानने से इंकार कर दिया और इस शादी का विरोध करने लगीं। राजा ने अपनी मां को लड़की की यह शर्त मानने के लिए मनाया और दबाव डाला, लेकिन प्रमिला नहीं मानी और राजा को भी इस शादी करने से मना कर दिया। इसके बाद बुधवार को गुस्साए राजा ने कमरे में सो रही अपनी मां पर ताबड़तोड़ चाकुओं से हमला कर दिया।

विज्ञापन

बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ी मां

इस दौरान प्रमिला की चीख-पुकार सुनकर उसकी बेटी मौके पर पहुंची तो उसने देखा कि मां खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ी हुई हैं। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी और एडीसीपी महेश कुमार पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया और हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ