Kanpur DM Hoisted Republic Day Flag With Auto Driver: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल छू लेने वाली खबर सामने आई है। यहां कानपुर के डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में एक ऑटो चालक के साथ गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराया। यह वही ऑटो चालक है, जिसने पुलिस द्वारा अपमानित होने के बाद जनता दर्शन में डीएम से इच्छा मृत्यु की मांग की थी। अब डीएम ने उस ऑटो चालक को सम्मान देते हुए, उसके साथ झंडारोहण किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान उसे अपने पास बैठाया। इस कार्यक्रम में एडीएम, प्रशासनिक अधिकारी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम से की इच्छा मृत्यु मांग
बता दें कि बीते दिन हनुमंत विहार के रहने वाले ऑटो चालक राकेश सोनी कानपुर डीएम के जनता दर्शन में शामिल हुए। यहां उन्होंने डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह से इच्छा मृत्यु मांगी। आंखों में आंसू लिए राकेश सोनी ने डीएम को बताया कि कुछ दिनों पहले वह नौबस्ता चौराहे पर सवारियों के लिए खड़ा था। उसके साथ यहां कई ई-रिक्शा वाले भी खड़े थे। इस बीच, एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर चौराहे पर आया और उसके साथ अभद्रता की। राकेश सोनी ने बताया कि उसने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर ऑफिस में भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
डीएम ने दिया ऑटो चालक को सम्मान
ऑटो चालक राकेश सोनी की बात सुनने के बाद डीएम ने उनके आंसू पोछे और उन्हें जांच का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही डीएम ने अपने राकेश सोनी को 26 जनवरी के अवसर पर स्पेशल गेस्ट के रूप में बुलाने के लिए अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने ऑटो चालक को समझाते कहा कि जिंदगी में कभी-कभी ऐसे पल आते हैं, जब हमे समझदारी से काम लेना चाहिए।