UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में एक बार फिर कुदरत का कड़ा रुख देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश का बड़ा अलर्ट जारी किया है. खासकर तराई के इलाकों और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. पिछले कुछ दिनों से हो रहे बदलावों की वजह से तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है, लेकिन अब आने वाले दो दिन यानी 8 और 9 मई को लेकर मौसम वैज्ञानिकों ने डराने वाली भविष्यवाणी कर दी है.
तेज आंधी और बिजली का खतरा
मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश होने की प्रबल संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूल भरी आंधियां चल सकती हैं. सबसे ज्यादा चिंता की बात आकाशीय बिजली चमकने और गिरने की आशंका है, जिससे जान-माल का नुकसान होने का डर बना रहता है. प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान वे पक्के मकानों में शरण लें और बिजली के खंभों या पेड़ों के नीचे खड़े होने की गलती बिल्कुल न करें.
---विज्ञापन---
यह भी पढ़ें: नोएडा-दिल्ली वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! कालिंदी कुंज के ट्रैफिक को कहें ‘बाय-बाय’, ये शॉर्टकट बचाएगा आपका कीमती समय
---विज्ञापन---
तराई और पूर्वी जिलों में दिखेगा असर
प्रदेश के तराई क्षेत्र और उससे सटे हुए पूर्वी जिलों में मौसम का सबसे ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद जताई गई है. इन इलाकों में काले बादल छाए रहने और अचानक तेज हवाओं के साथ पानी गिरने की चेतावनी दी गई है. किसानों के लिए भी यह समय चुनौतीपूर्ण हो सकता है क्योंकि तेज हवाएं और बारिश खलिहान में रखी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. आंधी की रफ्तार इतनी तेज हो सकती है कि कमजोर छप्पर और होर्डिंग्स उड़ सकते हैं, इसलिए घर से बाहर निकलते समय आसपास के माहौल पर नजर रखना बेहद जरूरी है.
---विज्ञापन---
8 मई के बाद फिर लौटेगी चुभती गर्मी
राहत की बात यह है कि मौसम का यह बिगड़ा हुआ मिजाज बहुत लंबे समय तक नहीं रहने वाला है. मौसम विभाग का कहना है कि 8 मई के बाद प्रदेश में मौसम एक बार फिर शुष्क होना शुरू हो जाएगा. आंधी और बारिश का दौर थमने के बाद आसमान साफ होगा और सूरज के तेवर फिर से तल्ख होने लगेंगे. इसका सीधा मतलब यह है कि आने वाले दिनों में लोगों को फिर से भीषण गर्मी और लू का सामना करना पड़ सकता है. फिलहाल अगले दो दिनों के संकट को देखते हुए सभी को अलर्ट रहने की जरूरत है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके.
---विज्ञापन---
घर के बाहर बिजली गिरने पर बरतें ये सावधानियां
आकाशीय बिजली गिरने की स्थिति में अपनी जान बचाने के लिए कुछ जरूरी सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है. अगर आप खुले आसमान के नीचे हैं, तो तुरंत किसी पक्की छत वाली इमारत में शरण लें. खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे कभी न खड़े हों क्योंकि पेड़ बिजली को अपनी ओर खींचते हैं. अगर आप किसी खुले मैदान में हैं और कहीं छिपने की जगह नहीं है, तो जमीन पर लेटने के बजाय अपने घुटनों के बल बैठ जाएं और सिर को नीचे झुका लें.
---विज्ञापन---
घर के अंदर बिजली गिरने पर बरतें ये सावधानियां
घर के अंदर रहने पर बिजली से चलने वाले उपकरणों जैसे टीवी, फ्रिज और कंप्यूटर के प्लग निकाल दें. इस दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें और खिड़की-दरवाजों से दूर रहें. पानी के संपर्क में आने से बचें, इसलिए बिजली कड़कने के समय नहाना या बर्तन धोना टाल दें. अगर आप सफर कर रहे हैं, तो कार के अंदर ही रहें और धातु की किसी भी चीज को न छुएं. आपकी थोड़ी सी सतर्कता बड़े हादसे को टाल सकती है.