---विज्ञापन---

Mansa Devi Temple Stampede: भगदड़ के बाद पहला वीडियो आया सामने, बाइक पर घायलों को ले जाते दिखे लोग

Haridwar Stampede Videos: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ के बाद के वीडियो सामने आ गए हैं। वीडियो में घायलों को अस्पताल ले जाते हुए लोग, मौके पर मची अफरा-तफरी और उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब देखा जा सकता है।

---विज्ञापन---

Haridwar Temple Stampede Videos: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ के बाद पहले वीडियो सामने आए हैं। एक वीडियो में मंदिर में भीड़ नजर आ रही है। देख सकते हैं कि मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। इतनी भीड़ है कि पैर रखने तक की जगह नहीं है। दूसरे वीडियो में घायल लोग फर्श पर पड़े नजर आ रहे हैं। बाइक पर घायलों को ले जाते हुए देखा जा सकता है। मृतकों में एक बच्चा और एक बुजुर्ग शामिल है। घायलों में ज्यादातर महिलाएं हैं।

 

---विज्ञापन---

मुख्यमंत्री ने दिए हादसे की जांच के आदेश

गढ़वाल मंडल आयुक्त विनय पांडे ने भी मौके पर जाकर हालातों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने खुद हादसे पर सीधा संज्ञान लिया और जांच करके रिपोर्ट सरकार को सौंपने का आदेश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे बारिश के मौसम में मंदिरों में जाने से परहेज करें। पहाड़ी रास्ते होने के कारण हादसा होने का खतर बना रहता है। सरकार और पुलिस ने सुरक्षा इंतजाम किए हुए हैं, लेकिन लोगों से भी सहयोग की अपील है।

---विज्ञापन---

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिलाधिकारी हरिद्वार को घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। जिलाधिकारी हरिद्वार को भी त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की जा रही है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि घायल श्रद्धालुओं को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। 23 घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

 

---विज्ञापन---

क्या बोले प्रत्यक्षदर्शी?

एक घायल व्यक्ति ने बताया कि अचानक भारी भीड़ जमा हो गई और भगदड़ मच गई। इस दौरान मैं गिर गया और मेरा हाथ टूट गया। वहीं एक अन्य तीर्थयात्री ने बताया कि मैंने हादसे का आंखों से देखा। उस समय मैं काफी नीचे था, इसलिए पहले ही रास्ते से हट गया था। धक्के लगने से लोग नीचे गिर रहे थे। हादसे के बाद मंदिर के गेट बंद कर दिए गए हैं। श्रद्धालुओं को वापस जाने को कहा दिया गया है। मंदिर प्रशासन ने कहा है कि आवाजाही के पुख्ता इंतजाम करने के बाद ही दर्शन करने दिए जाएंगे।

---विज्ञापन---

क्या बोले मंदिर के पुजारी?

तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने हादसे के बारे में बताया कि भगदड़ सुबह 9 से 9:15 बजे के बीच मची। लोगों को मदद के लिए आवाजें लगाते सुना था। मंदिर तक जाने का रास्ता पैदल है, लेकिन संकरा है। इसलिए अफरा-तफरी मच गई। शुरू में लोग समझ ही नहीं पाए कि अचानक क्या हो गया था? फिर अचानक पुलिस और एंबुलेंस मंदिर के बाहर पहुंचीं। मंदिर तक जाने के रास्ते पर चारदीवारी बनी हुई है। उस वजह से भी लोगों को बचने का रास्ता नहीं मिला।

 

---विज्ञापन---

हादसे पर क्या बोले DM?

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में मची भगदड़ में 6 लोगों की मौत पर DM मयूर दीक्षित ने भी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हमने तस्वीरों और वीडियो को देखा है। पता चला है कि किसी ने बिजली का तार टूट कर गिरने की अफवाह फैलाई थी। हम जांच करेंगे और पता करेंगे कि अफवाह किसने फैलाई थी। जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच बैठाई जाएगी।

First published on: Jul 27, 2025 10:52 AM

End of Article
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola