हरिद्वार की हर की पौड़ी पर शाम की गंगा आरती के दौरान अचानक एक सांड भीड़ की ओर दौड़ पड़ा. इससे वहां मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. घटना का वीडियो अब सामने आया है. राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है. हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक ये मामला कुछ दिन पुराना है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि सांड अचानक भीड़ की तरफ दौड़ने लगता है. उसे अपनी ओर आता देख लोग घबरा जाते हैं और जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगते हैं. इस दौरान सांड बार-बार लोगों की ओर बढ़ता दिखाई देता है, जिससे लोगों में डर का माहौल बन जाता है.
आवारा पशुओं को लेकर उठे सवाल
घटना के बाद गंगा सभा के प्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. उनका कहना है कि घाटों पर घूमने वाले आवारा पशुओं की समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
हर दिन बड़ी संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु
हर की पौड़ी हरिद्वार के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में से एक है. यहां हर दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. खासकर शाम की गंगा आरती के दौरान घाटों पर काफी भीड़ रहती है. श्री गंगा सभा की ओर से आयोजित इस आरती में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग आते हैं.
ऐसे में घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और उनकी सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है. भीड़ के बीच किसी आवारा पशु के अचानक दौड़ने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है और लोग घायल भी हो सकते हैं जिनसे उनकी जान तक को खतरा हो सकता है.