ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला ग्रीनशायर सोसायटी में गंदे पानी की सप्लाई, इतनी बदबू कि परेशान हुए निवासी
Author: News24 हिंदी
Aug 30, 2025 08:37 PM IST
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की निराला ग्रीनशायर सोसायटी में शनिवार सुबह गंदे पानी की सप्लाई आई। पानी की क्वालिटी इतनी खराब थी कि उसका उपयोग नहाने, खाना बनाने या अन्य दैनिक कार्यों में भी नहीं किया जा सका। लोगों ने बताया कि पानी में मिट्टी के कण साफ दिख रहे थे और तेज दुर्गंध आ रही थी।
नहीं मिल रही मूलभूत सुविधा
सोसायटी निवासी कपिल ने बताया कि हजारों परिवार वाली इस सोसायटी में पानी जैसी मूलभूत सुविधा भी ठीक से नहीं मिल रही है। पिछले कुछ दिनों से लगातार गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है जिसकी कई बार शिकायत की जा चुकी है। प्राधिकरण की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
बीमारी फैलने का खतरा
उन्होंने यह भी बताया कि सुबह के समय जब लोग अपने ऑफिस और बच्चे स्कूल जाने की तैयारी में थे। तब इस समस्या ने उनकी दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। निवासियों का कहना है कि इस पानी के सेवन से बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहे।