ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिल्डर ने भरोसे का किया कत्ल, रकम लेने के बाद भी नहीं दिया फ्लैट पर कब्जा
Author: News24 हिंदी
Jun 10, 2025 08:54 PM IST
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिल्डर की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ग्रुप हाउसिंग बना रहे बिल्डर ने रकम लेने के बाद पर निवेशक को फ्लैट पर कब्जा नहीं दिया। आरोप है कि बिना बताए फ्लैट आवंटन रद्द कर दिया गया। मामले में कोर्ट के आदेश पर बिसरख कोतवाली में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
2021 में बुक कराया था फ्लैट
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में रहने वाले दीपक की तरफ से दर्ज कराए गए केस में कहा गया है कि उनके पिता ने वर्ष 2021 में करीब चार साल पहले बीएस बिल्डर के ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक कराया था। इसके बदले करीब 13 लाख चेक के जरिये दिए थे। बिल्डर बायर एग्रीमेंट में कई दिनों तक जब बिल्डर की तरफ से हस्ताक्षर नहीं किया गया तो उन्होंने इसका कारण पूछा। उनको लंबे समय तक टकराया गया कि हस्ताक्षर हो जाएंगे। कुछ समय बाद उनको पता चला कि बिल्डर की तरफ से बिना कोई कारण बताए फ्लैट को कैंसिल कर दिया गया है।
बंधक बनाकर पीटने का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि फ्लैट कैंसिल होने के बाद उन्होंने बिल्डर से मुलाकात कर अपना पक्ष रखने की कोशिश की। आरोप है कि पिता-पुत्र को बिल्डर के गुर्गाें ने बंधक बनाकर पीटा। उस दौरान मामले की सूचना पुलिस को दी गई थी। अब पीड़ित ने मामले में कोर्ट का रूख किया। कोर्ट के आदेश पर बीएस बिल्डर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
क्या बोली पुलिस
बिसरख कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मामले में केस दर्ज हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार बढ़ रहे हैं ऐसे मामले
यह कोई पहला मामला नहीं है जब रकम देने के बाद भी पीड़ित को फ्लैट पर कब्जा न मिला हो। इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके है जिसमें सुपरटेक, आम्रपाली समेत कई अन्य बिल्डरों के खिलाफ बिसरख कोतवाली में मुकदमें दर्ज हो चुके है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट संबंधित मामलों का हल निकालने के लिए रेरा की तरफ से भी समय-समय पर सार्थक प्रयास किए जाते है।