ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आम्रपाली के खरीदारों का हल्ला बोल, जानिए क्यों किया कोर्ट रिसीवर आफिस के बाहर प्रदर्शन
Author: Aditya
Jun 13, 2025 06:24 PM IST
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा वेस्ट में शुक्रवार को आम्रपाली के निवेशकों ने जमकर हल्ला बोला। कड़ी धूप के बीच निवेशकों ने फ्लैट कैंसिल होने पर विरोध प्रदर्शन किया। निवेशकों ने कोर्ट रिसीवर आफिस के बाहर प्रदर्शन करते हुए कहा कि मनमानी नहीं करने दी जाएगी। निवासियों का कहना है कि वह फ्लैट कैंसिल होने, स्टाफ के गलत व्यवहार, मनमानी व तानाशाही से परेशान है। प्रदर्शन में बुजुर्ग, महिला व बच्चे भी शामिल रहे।
सुप्रीम कोर्ट में दायर कर चुके है याचिका
प्रदर्शन करने वाले लोगों का कहना है कि वह सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर चुके है। कोर्ट रिसीवर की तरफ से आश्वासन दिया गया था कि उनके मामले का जल्द समाधान होगा। लंबा समय बीत जाने के बाद भी उनको झूठा आश्वासन दिया जा रहा है। जब भी निवेशक कोर्ट रिसीवर आफिस पर आते है तो उनको अगली बार आने के लिए कह दिया जाता है। परेशान होकर अब लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया है।
पूरी रकम जमा होने के बाद भी कैंसिल कर दिए फ्लैट
आम्रपाली के घर खरीदारों के समर्थन में उतरे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के समाजसेवी दीपांकर कुमार ने कहा कि मनमाने तरीके से लोगों के फ्लैट कैंसिल कर दिए जा रहे है। जिन लोगों ने फ्लैट की पूरी रकम जमा कर दी है उनके फ्लैट भी कैंसिल हुए है। आखिर इतने लंबे इंतजार के बाद लोगों को फ्लैट मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उसमें मनमानी की जा रही है।
नेफोवा ने उठाई थी आवाज
आम्रपाली के घर खरीदारों के पक्ष में सुप्रीम कोर्ट में आवाज उठाने वाले नेफोवा के अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि कोर्ट रिसीवर आॅफिस वाले खरीदारों के धैर्य की परीक्षा ले रहे है। यदि लोगों की मांग पूरी नहीं हुई तो अगली बार इससे भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। अगला प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर होगा। प्रदर्शन कर लोगों का कहना है कि उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया जाता है। यह तुरंत बंद होना चाहिए। फ्लैट को जल्द से जल्द रिवाइन किया जाना चाहिए। लोगों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के नाम पर खरीदारों को कोर्ट रिसीवर की तरफ से बस परेशान किया जा रहा है।