ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 50 सोसायटी के बेसमेंट बने कूड़ाघर, बीमारी का मंडरा रहा खतरा

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बनी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई सोसायटियों में कूड़ा दिनभर बेसमेंट या पार्किंग क्षेत्र में जमा रहता है। इससे बदबू तो आती ही है साथ ही बीमारी का खतरा भी मंडराता रहता है।

Greater Noida West Garbage (3)

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बनी ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों में कूड़ा निस्तारण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई सोसायटियों में कूड़ा दिनभर बेसमेंट या पार्किंग क्षेत्र में जमा रहता है। इससे बदबू तो आती ही है साथ ही बीमारी का खतरा भी मंडराता रहता है। निवासियों का आरोप है कि बिल्डर और प्रबंधन आंख मूंद कर बैठे हुए है।

स्वास्थ्य विभाग के आदेश हुए हवा हवाई
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि उन्होंने सभी सोसायटियों को कूड़ा अलग-अलग संग्रह और वैज्ञानिक निस्तारण के निर्देश दिए है। इस निर्देश का असर जमीनी स्तर पर देखने को नहीं मिल रहा है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 50 सोसायटी ऐसी है जहां कूड़ा निस्तारण केंद्र की मशीनें नहीं लगी है। ऐसे में बेसमेंट कूड़ा घर बनते जा रहे है।

निवासियों को हो रही परेशानी
श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी में रहने वाले सत्यप्रकाश यादव ने बताया कि परिसर में लगभग 1400 परिवार रहते है। घरों से निकलने वाला कूड़ा पार्किंग के रैंप के पास जमा कर दिया जाता है। एक तरह से अस्थाई कूड़ाघर बना दिया गया है। लगातार सड़ता कूड़ा बीमारियों का कारण बन रहा है। उन्होंने बताया कि सोसायटी प्रबंधन ने निस्तारण मशीन लगाने का वादा किया था, जो आज तक पूरा नहीं हुआ। रविवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर मौका मुआयना कर जुर्माना भी लगाया, लेकिन उसके बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।

महागुन मंत्रा-1 में दुर्गंध से त्रस्त निवासी
महागुन मंत्रा-1 सोसायटी के निवासियों ने बताया कि कूड़े का निस्तारण नियमित नहीं हो रहा। बेसमेंट से लेकर ऊपरी मंजिलों तक दुर्गंध फैली रहती है। कई महीनों से निवासी मेंटिनेंस टीम से शिकायत कर रहे है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। बिल्डर ने 2021 में ही कूड़ा निस्तारण मशीन खरीदी थी, लेकिन उसे अभी तक इंस्टॉल नहीं किया गया। प्रबंधन द्वारा सफाई के बाद ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव नहीं किया जाता है।

निराला ग्रीनशायर व गौड़ सिटी में भी यही हाल
निराला ग्रीनशायर सोसायटी में भी पार्किंग क्षेत्र में ही कूड़ाघर बना दिया गया है। स्थिति यह है कि कई परिवार बालकनी के दरवाजे तक नहीं खोल पाते, क्योंकि बदबू लगातार अंदर आती रहती है। गौड़ सिटी-1 के 4 एवेन्यू के निवासी ठाकुर अजय सिंह ने बताया कि प्रबंधन ने लोगों की पार्किंग के पास कूड़ा निस्तारण मशीन लगाने की बात कही थी, लेकिन आज तक कोई कदम नहीं उठाया गया। कूड़ा बेसमेंट में सड़ता रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और अन्य निवासियों को स्वास्थ्य संबंधी खतरा बना हुआ है।

प्राधिकरण का दावा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि सोसायटियों को कूड़ा निस्तारण की मशीनें लगाने के निर्देश दिए गए है। जो सोसायटी इन निर्देशों का पालन नहीं कर रही है उन पर जुर्माना लगाया जा रहा है।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ