News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
Greater Noida News: अब ग्रेटर नोएडा के गांवों की अंधेरी गलियां भी जल्द रोशन नजर आएंगी. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की तैयारी शुरू कर दी है. इस योजना पर लगभग 2.20 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
गांवों के विस्तार के साथ कई नई गलियां ऐसी हैं, जहां अब तक स्ट्रीट लाइट नहीं लग सकी थी. इन स्थानों को चिन्हित कर बिजली विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है. प्राधिकरण के मुताबिक, फर्म का चयन पूरा होते ही अगले एक से दो माह में काम शुरू होने की उम्मीद है.
ग्रेटर नोएडा ईस्ट क्षेत्र के जुनपत, घोड़ी बछेड़ा, साकीपुर, जैतपुर-वैशपुर, तुगलपुर, नवादा, एच्छर, कासना समेत आसपास के कई गांवों में नए इलाकों में बसावट तेजी से बढ़ रही है. लेकिन स्ट्रीट लाइट न होने से लोगों को शाम होते ही अंधेरे और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कुछ माह पहले अंधेरे वाले स्थानों का सर्वे कराया था. अब पहले चरण में इन गांवों की अंधेरी गलियों को एलईडी लाइटों से जगमगाने की योजना पर काम शुरू किया जा रहा है.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2021 में सोडियम लाइट की जगह एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना शुरू की थी. अब तक डेढ़ लाख से अधिक एलईडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं. एलईडी लाइट से रोशनी बेहतर होती है और बिजली की बचत भी होती है.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-36, 37, पाई-1 और 2, बिल्डर्स एरिया, पी-3, ओमीक्रॉन-1ए और स्वर्णनगरी के पार्कों में भी एलईडी हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना बनाई है. टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. इससे पार्कों में रात के समय लोगों को घूमने-फिरने में सहूलियत मिलेगी और सुरक्षा भी बढ़ेगी.
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है. सभी अंधेरे स्थानों पर स्ट्रीट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही औद्योगिक सेक्टरों में भी बिजली बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है.
न्यूज 24 पर पढ़ें उत्तर प्रदेश / उत्तराखंड, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।