Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में शनिवार को दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ. घोड़ी बछैड़ा गांव के समीप तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार 3 युवकों को कुचल दिया. हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी युवक बुलंदशहर जिले के रहने वाले थे और ग्रेटर नोएडा में रहकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे.
इनकी चली गई जान
मृतकों की पहचान शेरपुर गांव, थाना सिकंदराबाद निवासी मोंटू (19) श्वेत (19) और रोहित (20) के रूप में हुई है. तीनों आपस में गहरे दोस्ते थे. शनिवार को तीनों बाइक से शेरपुर से ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे घोड़ी बछैड़ा गांव के पास हायर फैक्ट्री के समीप पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
---विज्ञापन---
डंपर के पिछले पहियों के नीचे आ गए
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और डंपर के पिछले पहियों के नीचे आ गए. राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.
---विज्ञापन---
हादसे के बाद चीख-पुकार
दुर्घटना की सूचना मिलते ही तीनों मृतकों के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए. अपने बेटों के निर्जीव शरीर देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. गांव में मातम का माहौल है. तीनों परिवारों की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है. मृतक युवक मजदूरी कर घर चलाते थे.
---विज्ञापन---
चालक गिरफ्तार, डंपर जब्त
दादरी थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया था. पुलिस टीम ने डंपर को जब्त कर चालक को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है. उसकी पहचान मनीष यादव निवासी खारटवा गांव बिहार के रूप में हुई है. शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
---विज्ञापन---
ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में प्राॅपर्टी डीलर की हत्या, रंजिश की आशंका
---विज्ञापन---