Greater Noida Noodle Death: यूपी के ग्रेटर नोएडा स्थित रबूपुरा में एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है. मृतक महेश के साले की शिकायत पर पुलिस ने उसकी दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ कथित प्रताड़ना के आरोप में एफआईआर दर्ज की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. महेश के मोबाइल में मिला एक कथित वॉइस नोट भी जांच का हिस्सा है, जिसमें उसने परिवार की मौत के लिए अपने रिश्तेदारों को जिम्मेदार ठहराया है.
वॉइस नोट की जांच
पुलिस के मुताबिक महेश के मोबाइल फोन में मिले ऑडियो संदेश में उसने अपनी 2 बहनों और 1 बहनोई पर आरोप लगाए हैं. इसके बाद मृतक के साले की शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. हालांकि अभी तक ये साफ नहीं हुआ है कि कथित पारिवारिक विवाद और प्रताड़ना का पांचों लोगों की मौत से कोई सीधा संबंध है या नहीं. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और वॉइस नोट की सत्यता समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
मेला देखने के बाद घर लौटा था परिवार
इस दर्दनाक घटना वाली रात परिवार के सदस्य मेला देखकर घर लौटे थे. इसके बाद उन्होंने नूडल्स और चाय का सेवन किया और सोने चले गए. अगली सुबह बच्चों को एग्जाम देने जाना था. जब पड़ोस का एक बच्चा उन्हें जगाने के लिए घर पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो वह दीवार फांदकर अंदर गया. वहां परिवार के पांचों सदस्य अचेत अवस्था में मिले. इसके बाद पड़ोसियों और पुलिस को सूचना दी गई.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विसरा टेस्ट पर नजर
पुलिस ने सभी पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. शुरुआती मेडिकल जांच में जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका सामने आई है. विसरा के सैंपल जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति ज्यादा साफ हो सकेगी. घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर खाने-पीने की वस्तुओं की जांच की. हालांकि शुरुआती लेवल पर फूड पॉइजनिंग की आशंका की पुष्टि नहीं हुई है. इसलिए मौत की असल वजह जानने के लिए फॉरेंसिक और मेडिल रिपोर्ट अहम मानी जा रही हैं.
सभी पहलुओं की जांच जारी
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी श्रवण कुमार सिंह के अनुसार, मामले की विभिन्न कोणों से पड़ताल की जा रही है. अब दर्ज प्राथमिकी के बाद पुलिस कथित पारिवारिक विवाद, प्रताड़ना के आरोपों और मौतों के बीच संभावित संबंध की भी जांच करेगी. फिलहाल, पांचों लोगों की मौत की सटीक वजह और दर्ज शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी.