खेल-खेल में 5 माह के बच्चे की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
Author: News24 हिंदी
Mar 29, 2025 06:58 PM IST
Uttar Pradesh Greater Noida (जुनेद अख्तर) : ग्रेटर नोएडा के थाना रबूपुरा क्षेत्र में शनिवार को एक 5 माह के बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के समय बच्चा बुग्गी के पीछे कपड़े के पालने मे झूल रहा था। इस दौरान कुछ बच्चे भी वहां खेल रहे थे। बच्चों ने खेल-खेल में बुग्गी पर चढ़कर उसे पीछे गिरा दिया। हादसे में मासूम बच्चे की बुग्गी के नीचे दबकर मौत हो गई।
फसल की कटाई कर रहे थे मां-बाप
जानकारी के मुताबिक, कस्बा रबूपुरा के मोहल्ला फूल विहार निवासी धर्मवीर पत्नी रेनू के साथ परिवार के पालन पोषण के लिए शनिवार को खेतों में मजदूरी पर गेहूं काटने गए थे। रेनू ने फसल कटाई करने से पहले बच्चे को पेड़ के नीचे खड़ी बुग्गी में कपड़े का पालना बनाकर झुला दिया।
बुग्गी के गिरते ही भाग गए बच्चे
रेनू और धर्मवीर गेहूं की कटाई के लिए खेतों में चले गए। इसी दौरान वहां खेल रहे परिवार व पड़ोस के छोटे बच्चे खेल-खेल में बुग्गी चढ़ गए जिससे बुग्गी पीछे गिर गई। बुग्गी के गिरते ही बच्चे बिना किसी को बताए अपने घरों को भाग गए।
वापस लौटे तो शव देखकर निकल गई चीख
बताया जा रहा है कि जब रेनू और धर्मवीर गेहूं की कटाई कर वापस लौटे तो बुग्गी को पिछे गिरा देख उनकी चीख निकल पड़ी। उन दोनों ने दौड़कर बुग्गी को उठाया लेकिन तबतक मासूम की मौत हो चुकी थी। इस घटना में के उनके परिवार में कोहराम मच गया।