News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के आमका गांव में शनिवार को घटना हुई। प्राधिकरण की टीम से काॅलोनाइजर व उसके गुर्गाें ने मारपीट की। टीम गांव में अतिक्रमण हटाने गई थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में शनिवार को अवैध निर्माण तोड़ने गई थी। टीम का कुछ असामाजिक तत्वों, कॉलोनाइजरों व भू माफियाओं ने विरोध किया। प्राधिकरण की टीम से अभद्र व्यवहार, मारपीट व बंधक बनाने की कोशिश की गई। प्राधिकरण की तरफ से इन लोगों के खिलाफ दादरी कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
दादरी क्षेत्र का गांव आमका ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित एरिया में आता है। अनुमति और नक्शा पास कराए बिना ही काॅलोनाइजर खसरा नंबर 204, 205 और 206 की जमीन पर अवैध निर्माण कर कॉलोनी बसाने की कोशिश कर रहे थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से इन कॉलोनाइजरों को नोटिस भेजा गया। अवैध निर्माण को रुकवा दिया गया, लेकिन कॉलोनाइजर रात के अंधेरे में अवैध निर्माण करने की कोशिश करते रहे, जिसके चलते शनिवार को प्राधिकरण के ओएसडी रामनयन सिंह, परियोजना अभियंता सन्नी यादव व प्राधिकरण की अन्य टीम स्थानीय पुलिस बल के साथ अतिक्रमण को ढहाने मौके पर पहुंच गई।
टीम ने अतिक्रमण पर जेसीबी चलाना शुरू ही किया था कि तिलपता करनवास निवासी विपिन खारी, डेरीमच्छा निवासी कपिल नागर और तिलपता करनवास निवासी बलराम भाटी 100 से 150 अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। अतिक्रमण तोड़ने का विरोध और सरकारी कार्य में बाधा डालने की कोशिश करने लगे। इन भू माफियाओं ने प्राधिकरण के ओएसडी, वरिष्ठ प्रबंधक, प्रबंधक, सहायक प्रबंधक एवं अन्य फील्ड स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार व हाथापाई पर उतारू हो गए।
प्राधिकरण के वाहन में टक्कर मारने की कोशिश की गई। प्राधिकरण के स्टाफ को बंधक बनाने का प्रयास किया, जिससे प्राधिकरण के अधिकारियों व कर्मचारियों को जान का खतरा लगने लगा। अधिकारियों को धमकाने की कोशिश की गई। आरोप है कि लोगों को उकसाकर भीड़ को एकत्रित कर घेराव किया गया। जेसीबी पर चढ़कर काम को रोका गया। पर्याप्त पुलिस बल न होने के कारण ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बिना ही प्राधिकरण की टीम को वापस लौटना पड़ा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने चेतावनी दी है कि अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। किसी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि वह कॉलोनाइजरों के झांसे में आकर अपनी गाढ़ी कमाई न गंवाएं। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण एरिया में जमीन खरीद कर निर्माण करने से पहले जानकारी अवश्य कर लें।
न्यूज 24 पर पढ़ें उत्तर प्रदेश / उत्तराखंड, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।