Good News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नहीं लगेगा जाम, अथॉरिटी के इस कदम से 5 लाख लोगों को मिलेगी राहत
Author: Md Junaid Akhtar
Apr 22, 2025 06:30 PM IST
Greater Noida authority: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगने वाला भीषण जाम अब खत्म होने वाला है। ग्रेनो अथॉरिटी ने सेक्टर-3 से नॉलेज पार्क-5 तक नई सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया है। 80 मीटर चौड़ी यह सड़क 130 मीटर चौड़ी सड़क से सीधे जुड़ेगी। अथॉरिटी का दावा है कि अगले चार महीने यानी अगस्त तक यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी। इससे सेक्टर टेकजोन-4 में जाम से राहत मिल जाएगी।
5 लाख लोगों को जाम से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक का दबाव बढ़ता जा रहा है। इसको देखते हुए सड़कों को चौड़ा करने के साथ ही अवरुद्ध पड़ी सड़कों को पूरा करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में अथॉरिटी ने गौड़ चौक से सूरजपुर पुलिस लाइन जाने वाली 60 मीटर चौड़ी सड़क को 130 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ने के लिए ऐस सिटी गोलचक्कर से खैरपुर गोलचक्कर तक 80 मीटर चौड़े और लगभग दो किलोमीटर लंबे मार्ग का निर्माण शुरू कराया है। 130 मीटर चौड़ी सड़क ग्रेटर नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट को सीधे जोड़ती है। इससे करीब 5 लाख लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
सर्विस रोड का भी हो रहा निर्माण
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सभी प्रमुख सड़कों से जोड़ने की योजना है, ताकि ट्रैफिक सुचारु रूप से चलता रहा। ग्रेनो वेस्ट की मुख्य सड़क के साथ सर्विस रोड का भी निर्माण किया जाएगा। इससे आसपास के सेक्टरों और गांवों में जाने वाले लोग आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे। वहीं, 130 मीटर सड़क पर जाने वाले वाहन बिना किसी रुकावट के सीधे पहुंच जाएंगे।
5 यूटर्न बनाए जा चुके
सीईओ एनजी रवि कुमार का कहना है कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए गौड़ चौक पर अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। सड़कों के चौड़ीकरण के साथ यूटर्न का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा गोलचक्करों का आकार छोटा किया जा रहा है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अब तक 5 यूटर्न का निर्माण पूरा हो चुका है।