शर्मनाक! गाजियाबाद में सैलूनकर्मी ने थूक लगाकर की मसाज, वीडियो वायरल होने पर पहुंचा जेल
Author: Md Junaid Akhtar
May 19, 2025 09:23 PM IST
Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक सैलूनकर्मी का शर्मनाक हरकत करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में सैलूनकर्मी क्रीम में थूक मिलाकर ग्राहक की मसाज करता दिख रहा है। पुलिस ने इस मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस के सामने अपना गुनाह कबूल करते हुए माफी मांगी है। पुलिस ने आरोपी की पहचान डासना की असलम कॉलोनी निवासी अरशद अली के रूप में की है।
क्रीम में थूक मिलाकर करता था मसाज
जानकारी के मुताबिक, वेव सिटी के एक सैलून में काम करने वाले एक व्यक्ति ने क्रीम में थूक मिलाकर ग्राहक की मसाज की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि वीडियो को संज्ञान में लेकर इसकी जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि यह घटना वेव सिटी के ड्रीम होम्स सोसाइटी में स्थित लेवल-अप सैलून की है। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि वीडियो में एक युवक सैलून में ग्राहक के चेहरे पर क्रीम लगा रहा था। क्रीम लगाने से पहले वह उसमें थूक रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस कर रही पूछताछ
पूछताछ में अरशद ने बताया कि वह लेवल-अप सैलून में काम करता है। उसने क्रीम में थूक मिलाकर ग्राहक की मसाज करने की बात स्वीकार की। उसने पुलिस से माफी भी मांगी। आरोपी ने अभी तक यह नहीं बताया है कि उसने ऐसा क्यों किया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।