गाजियाबाद में पति ने पत्नी का नहाते समय बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर कर दिया वायरल
Author: News24 हिंदी
Jun 30, 2025 04:44 PM IST
Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक पति पर ही अपनी पत्नी की नहाते समय अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने का अरोप लगा है। इस मामले में महिला ने दहेज की मांग पूरी ना होने पर अपने पति पर ऐसा करने का आरोप लगाया है। कहा गया है कि दहेज के लिए आए दिन उसे प्रताड़ित किया जाता है और मारपीट की जाती है। इस मामले में महिला की शिकायत पर गाजियाबाद की लोनी बोर्डर थाना पुलिस ने आरोपी पति सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और मामले की जांच कर रही है।
14 साल पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र स्थित एक सोसायटी में रहने वाली महिला ने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि उसकी शादी लगभग 14 साल पहले हुई थी। महिला का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता आ रहा है और मारपीट करता है। महिला का कहना है कि कई उसने अपने पिता से रुपये लाकर अपने पति को दिए हैं। इसके बाद भी वह नहीं मानता था और रुपयों की मांग करता था। जिसके बाद उसने अपने पिता से रुपये मांगने बंद कर दिए। आरोप है कि ऐसा ना करने पर उसके पति ने उसका नहाते समय वीडियो बना लिया था।
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, शुरू की जांच
महिला ने पुलिस से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उसके पति ने उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और मारपीट करते हुए उसे घर से भी निकाल दिया। जिसके बाद पीड़िता ने अपने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए गुहार लगाई है। वहीं इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महिला की शिकायत पर उसके पति सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।