falseगाजियाबाद में DRDO के निजी सचिव से लाखों की ठगी, गूगल से अस्पताल का नंबर सर्च करना पड़ा भारी
Author: News24 हिंदी
2025-06-18 16:21:51
Ghaziabad News: गाजियाबाद सहित एनसीआर में साइबर अपराध रुकने का काम नहीं ले रही हैं। आए दिन किसी ना किसी तरह से धोखेबाजी करके साइबर अपराधी आम लोगों को अपनी ठगी का शिकार बना रहे है। पुलिस लगातार ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करती और लगातार ऐसे ठगों को पकड़ भी रही है, मगर इसके बाद भी साइबर अपराध की घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। हाल में गाजियाबाद में रहने वाले DRDO के एक निजी सचिव को साइबर अपराधियों ने अपना निशाना बनाया है। उन्हे गूगल से एक अस्पताल के चिकित्सक का नंबर लेना भारी पड़ गया। ठगों ने उनके मोबाइल को हैक करके खातों से एक लाख 14 हजार रुपये निकाल लिए। ठगी के बाद पीड़ित ने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गूगल से सर्च किया था अस्पताल का नंबर
जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद के कविनगर में अनूप कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। बताया गया है कि अनूप कुमार डीआरडीओ में निजी सचिव के पद पर कार्य करते हैं। उन्होने पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि कुछ समय पहले उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इस दौरान उन्होने एक नामी अस्पताल से संपर्क करने के लिए गूगल पर अस्पताल का नंबर सर्च किया था। उन्हे अस्पताल के चिकित्सक से परामर्श करना था। इस दौरान गूगल से मिले नंबर पर उन्होने संपर्क किया तो दूसरी तरफ से बोलने वाले ने खुद को अस्पताल का कर्मी बताया और बुकिंग के लिए 10 रुपये जमा करने के लिए कहा।
मोबाइल हैक करके निकाले 1 लाख 14 हजार रुपये
इसके बाद उन्होने दस रुपये का भुगतान करने के लिए कई बार अपने खाते से प्रयास किया, मगर रुपये ट्रांसफर होने का मैसेज नहीं आया। इसके बाद उन्होने अपनी पत्नी के खाते से दस रुपये भेजने का प्रयास किया, मगर वहां भी मैसेज नहीं मिला। इसके कुछ देर बाद उनके और उनकी पत्नी के मोबाइल पर रुपये कटने के मैसेज आए। दोनो के खातों से 1 लाख 14 हजार रुपये निकल चुकें थे। तब जाकर उन्हे ठगी का अहसास हुआ। जानकारी करने पर पता चला कि आरोपी ने उनके मोबाइल को हैक करके रुपये की ठगी की है। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines