विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर बढ़ते स्क्रीन टाइम के संभावित प्रभाव को देखते हुए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के लिए स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड के इस्तेमाल को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत प्राथमिक कक्षाओं में स्क्रीन टाइम अधिकतम 30 मिनट और उच्च प्राथमिक कक्षाओं में अधिकतम 60 मिनट निर्धारित किया गया है.
दरअसल, पेरेंट्स एसोसिएशन की ओर से शिकायतें और सुझाव मिले थे कि कई स्कूलों में स्मार्ट क्लास के दौरान विद्यार्थियों को लगातार डिजिटल स्क्रीन के सामने रखा जा रहा है. पाठ्य-पुस्तकों को सीधे स्मार्ट बोर्ड पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ कक्षा-कार्य, प्रश्नोत्तर और गृहकार्य में भी डिजिटल स्क्रीन का लगातार इस्तेमाल होने से कई विद्यार्थियों का प्रतिदिन स्क्रीन टाइम 4 से 5 घंटे तक पहुंच रहा है.
जिला प्रशासन ने कहा कि लंबे समय तक स्क्रीन के सामने रहने से आंखों में थकान, निकट दृष्टि, सिरदर्द और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याओं की संभावना बढ़ सकती है. इसलिए स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड का इस्तेमाल शिक्षण के सहायक माध्यम के रूप में किया जाए, न कि लगातार स्क्रीन आधारित पढ़ाई के विकल्प के तौर पर.
ब्लैक बोर्ड और गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर
विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि स्मार्ट बोर्ड का इस्तेमाल मुख्य रूप से कठिन अवधारणाओं, चित्रों, वीडियो और आवश्यक डिजिटल शिक्षण सामग्री के प्रदर्शन के लिए किया जाए. वहीं लेखन, अभ्यास, प्रश्नोत्तर और विद्यार्थियों की सहभागिता वाली गतिविधियों के लिए ब्लैक बोर्ड, व्हाइट बोर्ड या ग्रीन बोर्ड का नियमित इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए.
लगभग 20 मिनट के स्क्रीन उपयोग के बाद आंखों को आराम देने के लिए अंतराल देने तथा विद्यार्थियों को खेलकूद, पठन-पाठन, लेखन, समूह गतिविधियों और अन्य शारीरिक गतिविधियों के पर्याप्त अवसर देने के निर्देश दिए गए हैं. स्क्रीन की चमक और कक्षा की रोशनी को भी उचित स्तर पर रखने तथा विद्यार्थियों को स्क्रीन से पर्याप्त दूरी पर बैठाने को कहा गया है.
ऑनलाइन कक्षाओं में निर्धारित अवधि, सत्रों के बीच पर्याप्त ब्रेक और 20-20-20 अभ्यास का पालन कराने पर भी जोर दिया गया है. इसके तहत हर 20 मिनट के स्क्रीन उपयोग के बाद 20 फीट दूर किसी वस्तु को कम से कम 20 सेकंड तक देखने की सलाह दी गई है.
आंखों की जांच और अभिभावकों को सूचना
प्रशासन ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों में आंखों में जलन, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देने या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण सामने आने पर अभिभावकों को तत्काल सूचित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लिया जाए. विद्यार्थियों की त्रैमासिक आंखों की जांच कराने और उसकी रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया गया है.
PTM में स्क्रीन टाइम पर होगी चर्चा
नए निर्देशों के तहत पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग की जिम्मेदारी भी बढ़ाई गई है. स्कूलों को स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड के संतुलित इस्तेमाल और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े दिशा-निर्देशों पर अभिभावकों के साथ चर्चा करनी होगी. स्कूल प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों और बैठक के कार्यवृत्त को भी PTM में अभिभावकों के साथ साझा करना अनिवार्य किया गया है.
इसके अलावा स्कूलों को अपनी आवश्यकता और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार डिजिटल-मुक्त अवधि, डिजिटल जीरो डे और डिजिटल डिटॉक्स जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों को स्क्रीन से अलग खेल, रचनात्मक गतिविधियों, पढ़ाई और सामाजिक सहभागिता के पर्याप्त अवसर मिल सकें.
नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी
जिले में इन दिशा-निर्देशों के पालन की निगरानी के लिए नामित मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है. वे अपने आवंटित विद्यालयों में जाकर अनुपालन की समीक्षा करेंगे. विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक के कार्यवृत्त और अनुपालन आख्या निर्धारित समय में जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर के माध्यम से उपलब्ध करानी होगी.
जिला प्रशासन का कहना है कि स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल सीमित, संतुलित और उद्देश्यपूर्ण तरीके से होना चाहिए, ताकि तकनीक का लाभ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास की कीमत पर न मिले.
संबंधित खबरें
अमित शाह का मिशन यूपी 2027, बीजेपी की चुनावी तैयारी को मिलेगी धार?
8 hrs agoकरवा चौथ पर आपके शहर में कब निकलेगा चांद? देखें चंद्रोदय का सही समय
10 hrs agoआजम खान पर ED का एक्शन, जौहर यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ की संपत्ति कुर्क
10 hrs agoइलाहाबाद हाईकोर्ट में वकीलों का हंगामा, जज की ओर फेंकी गईं कुर्सियां
12 hrs ago'आप बार-बार परीक्षा क्यों लेती हैं' आकाश के सवाल पर क्या बोलीं मायावती?
13 hrs agoकल का मौसम: चक्रवात 'अर्नब' के चलते करवा चौथ पर हो पाएगा चांद का दीदार?
15 hrs agoNDA बनाम 'INDIA' : MLC चुनाव में किसने कहां मारी बाजी; कौन हारा-कौन जीता?
17 hrs agoरात को ट्रेन में नहीं चार्ज कर पाएंगे फोन या लैपटॉप, भारतीय रेलवे का ऐलान
18 hrs agoकैमरे के सामने फूट-फूटकर रोने वाले सपा प्रत्याशी दूसरी बार जीते MLC चुनाव
19 hrs agoयोगी सरकार ने बढ़ाया मजदूरों का न्यूनतम वेतन, हर महीने मिलेगी इतनी सैलरी
21 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines