---विज्ञापन---

गौतमबुद्धनगर के स्कूलों में स्क्रीन टाइम की सीमा तय, प्राइमरी के लिए 30 और हायर स्कूल के लिए 60 मिनट

जिला प्रशासन ने कहा कि लंबे समय तक स्क्रीन के सामने रहने से आंखों में थकान, निकट दृष्टि, सिरदर्द और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याओं की संभावना बढ़ सकती है.

---विज्ञापन---

विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर बढ़ते स्क्रीन टाइम के संभावित प्रभाव को देखते हुए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के लिए स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड के इस्तेमाल को लेकर नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसके तहत प्राथमिक कक्षाओं में स्क्रीन टाइम अधिकतम 30 मिनट और उच्च प्राथमिक कक्षाओं में अधिकतम 60 मिनट निर्धारित किया गया है.

दरअसल, पेरेंट्स एसोसिएशन की ओर से शिकायतें और सुझाव मिले थे कि कई स्कूलों में स्मार्ट क्लास के दौरान विद्यार्थियों को लगातार डिजिटल स्क्रीन के सामने रखा जा रहा है. पाठ्य-पुस्तकों को सीधे स्मार्ट बोर्ड पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ कक्षा-कार्य, प्रश्नोत्तर और गृहकार्य में भी डिजिटल स्क्रीन का लगातार इस्तेमाल होने से कई विद्यार्थियों का प्रतिदिन स्क्रीन टाइम 4 से 5 घंटे तक पहुंच रहा है.

---विज्ञापन---

जिला प्रशासन ने कहा कि लंबे समय तक स्क्रीन के सामने रहने से आंखों में थकान, निकट दृष्टि, सिरदर्द और एकाग्रता में कमी जैसी समस्याओं की संभावना बढ़ सकती है. इसलिए स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड का इस्तेमाल शिक्षण के सहायक माध्यम के रूप में किया जाए, न कि लगातार स्क्रीन आधारित पढ़ाई के विकल्प के तौर पर.

ब्लैक बोर्ड और गतिविधि आधारित शिक्षण पर जोर

विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि स्मार्ट बोर्ड का इस्तेमाल मुख्य रूप से कठिन अवधारणाओं, चित्रों, वीडियो और आवश्यक डिजिटल शिक्षण सामग्री के प्रदर्शन के लिए किया जाए. वहीं लेखन, अभ्यास, प्रश्नोत्तर और विद्यार्थियों की सहभागिता वाली गतिविधियों के लिए ब्लैक बोर्ड, व्हाइट बोर्ड या ग्रीन बोर्ड का नियमित इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए.

---विज्ञापन---

लगभग 20 मिनट के स्क्रीन उपयोग के बाद आंखों को आराम देने के लिए अंतराल देने तथा विद्यार्थियों को खेलकूद, पठन-पाठन, लेखन, समूह गतिविधियों और अन्य शारीरिक गतिविधियों के पर्याप्त अवसर देने के निर्देश दिए गए हैं. स्क्रीन की चमक और कक्षा की रोशनी को भी उचित स्तर पर रखने तथा विद्यार्थियों को स्क्रीन से पर्याप्त दूरी पर बैठाने को कहा गया है.

ऑनलाइन कक्षाओं में निर्धारित अवधि, सत्रों के बीच पर्याप्त ब्रेक और 20-20-20 अभ्यास का पालन कराने पर भी जोर दिया गया है. इसके तहत हर 20 मिनट के स्क्रीन उपयोग के बाद 20 फीट दूर किसी वस्तु को कम से कम 20 सेकंड तक देखने की सलाह दी गई है.

---विज्ञापन---

आंखों की जांच और अभिभावकों को सूचना

प्रशासन ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि विद्यार्थियों में आंखों में जलन, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देने या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण सामने आने पर अभिभावकों को तत्काल सूचित किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श लिया जाए. विद्यार्थियों की त्रैमासिक आंखों की जांच कराने और उसकी रिपोर्ट अभिभावकों के साथ साझा करने पर भी जोर दिया गया है.

PTM में स्क्रीन टाइम पर होगी चर्चा

नए निर्देशों के तहत पैरेंट्स-टीचर्स मीटिंग की जिम्मेदारी भी बढ़ाई गई है. स्कूलों को स्मार्ट एवं डिजिटल बोर्ड के संतुलित इस्तेमाल और विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े दिशा-निर्देशों पर अभिभावकों के साथ चर्चा करनी होगी. स्कूल प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों और बैठक के कार्यवृत्त को भी PTM में अभिभावकों के साथ साझा करना अनिवार्य किया गया है.

---विज्ञापन---

इसके अलावा स्कूलों को अपनी आवश्यकता और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार डिजिटल-मुक्त अवधि, डिजिटल जीरो डे और डिजिटल डिटॉक्स जैसी गतिविधियों को बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों को स्क्रीन से अलग खेल, रचनात्मक गतिविधियों, पढ़ाई और सामाजिक सहभागिता के पर्याप्त अवसर मिल सकें.

नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी

जिले में इन दिशा-निर्देशों के पालन की निगरानी के लिए नामित मजिस्ट्रेट और नोडल अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है. वे अपने आवंटित विद्यालयों में जाकर अनुपालन की समीक्षा करेंगे. विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक के कार्यवृत्त और अनुपालन आख्या निर्धारित समय में जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतमबुद्धनगर के माध्यम से उपलब्ध करानी होगी.

---विज्ञापन---

जिला प्रशासन का कहना है कि स्मार्ट और डिजिटल बोर्ड आधुनिक शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल सीमित, संतुलित और उद्देश्यपूर्ण तरीके से होना चाहिए, ताकि तकनीक का लाभ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास की कीमत पर न मिले.

First published on: Aug 13, 2026 11:46 PM

End of Article

About the Author

---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola