कानपुर: नशे में धुत कांस्टेबल का वीडियो वायरल, शराब के लिए शहर के व्यापारियों से कर रहा था वसूली
Author: News24 हिंदी
Sep 17, 2023 09:15 AM IST
Kanpur News: कानपुर शहर के रावतपुर में नशे में धुत होकर मार्केट में हंगामा करने वाले कांस्टेबल निजामुद्दीन को डीसीपी वेस्ट ने देर रात सस्पेंड कर दिया। कांस्टेबल निजामुद्दीन पर वसूली करने का भी आरोप हैं। रावतपुर व्यापारियों की शिकायत पर रावतपुर थाने की पुलिस ने कांस्टेबल को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा। इसके साथ डीसीपी वेस्ट ने कांस्टेबल के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का करने का आदेश दिया है। जांच में अल्कोहल की पुष्टि होने पर देर रात उसके खिलाफ कार्रवाई की गई।
परेशान व्यापारियों ने कांस्टेबल का वीडियो बना किया वायरल
कांस्टेबल निजामुद्दीन कानपुर शहर के कल्याणपुर थाने में तैनात है। शनिवार शाम को रावतपुर थाना क्षेत्र में नशे में धुत कांस्टेबल ने जमकर हंगामा किया, साथ ही रावतपुर के व्यापारियों से शराब के रुपए के लिए वसूली कर रहा था। व्यापारियों के विरोध करने पर कांस्टेबल निजामुद्दीन व्यापारियों से गाली-गलौज करने लगा। कांस्टेबल से परेशान होकर व्यापारियों ने कांस्टेबल का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। रावतपुर थाना प्रभारी नीरज ओझा ने कांस्टेबल को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा। जांच में पुष्टि हुई कि कांस्टेबल निजामुद्दीन ने शराब पी रखी थी। इसके बाद कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। इसके साथ ही सिपाही के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के लिए भी रावतपुर थाने से रिपोर्ट मांगी गई है। कांस्टेबल मौजूदा समय में कल्याणपुर थाने में तैनात था, लेकिन उसकी ड्यूटी कचहरी परिसर की सुरक्षा में लगाई गई थी।
ड्यूटी के प्रति बेहद लापरवाह
नशेबाजी करने वाला कांस्टेबल निजामुद्दीन ड्यूटी के प्रति भी बेहद लापरवाह है। कचहरी सुरक्षा में ड्यूटी होने के बाद भी वहां से नदारद होकर रावतपुर थाना क्षेत्र में घूम-घूम कर नशेबाजी और वसूली कर रहा था। साथ ही कांस्टेबल के बारें में गहनता से जांच की जाएगी। जिससे कांस्टेबल के खिलाफ सख्त से सख्त विभागीय दंडात्मक कार्रवाई की जा सके।