दिवाली और छठ पूजा पर घर जाने और त्योहार के बाद वापस लौटने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं. यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल से 54 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. ये ट्रेनें कुल 1,704 बार आएंगी-जाएंगी. जरूरत पड़ने पर 10 अतिरिक्त ट्रेन ऑन डिमांड (TOD) स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी. उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन के पीआरएस भवन में होल्डिंग एरिया बनाया गया है. इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर 26 टेंपरेरी शेल्टर लगाए गए हैं, ताकि यात्री ट्रेन का इंतजार करते समय एक जगह व्यवस्थित तरीके से रुक सकें.
स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ कंट्रोल के इंतजाम
स्टेशनों पर निगरानी के लिए कुल 386 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इनमें लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या धाम स्टेशन भी शामिल हैं. भीड़ संभालने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आरपीएफ के जवान तैनात रहेंगे. लखनऊ में हर शिफ्ट में 45 जवान ड्यूटी करेंगे. सामान की जांच के लिए बैगेज स्कैनर समेत दूसरे सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे. चारबाग स्टेशन पर सात एक्स्ट्रा रेक तैयार रखे जाएंगे. इसके अलावा आठ लगातार ट्रेनों में एक-एक एक्स्ट्रा स्लीपर कोच लगाया जा रहा है. 9 से 13 नवंबर के बीच यात्रियों की मांग के मुताबिक 10 TOD स्पेशल ट्रेनें चलाने की योजना है. जिस रूट पर यात्रियों की संख्या ज्यादा होगी, वहां जरूरत के मुताबिक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी.
टिकट और मदद के लिए एक्स्ट्रा सुविधा
टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए लखनऊ में 23, वाराणसी में 24 और अयोध्या धाम व अयोध्या कैंट में सात-सात एटीवीएम (ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन) लगाए गए हैं. ट्रेनों और स्टेशनों की स्थिति पर नजर रखने के लिए मंडल स्तर पर 24 घंटे वार रूम भी काम करेगा. किसी परेशानी पर यात्री हेल्पलाइन नंबर 139 या रेल मदद सेवा से संपर्क कर सकते हैं.
हावड़ा-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन 9 नवंबर से
हावड़ा और आनंद विहार टर्मिनस के बीच त्योहार स्पेशल ट्रेन 9 नवंबर से चलेगी. ट्रेन नंबर 03009 हावड़ा से 9, 16, 23 और 30 नवंबर को रात 11.55 बजे रवाना होगी. यह अगले दिन शाम 5 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी और फिर शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, गजरौला, हापुड़ और गाजियाबाद होते हुए रात 2.50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन नंबर 03010 आनंद विहार से 11, 18 और 25 नवंबर के साथ 2 दिसंबर को सुबह 5.15 बजे चलेगी. यह उसी रूट से होते हुए शाम 4.05 बजे लखनऊ पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 10.50 बजे हावड़ा जंक्शन पहुंचेगी. ट्रेन में स्लीपर और जनरल कोच होंगे. रास्ते में बर्धमान, दुर्गापुर, आसनसोल, धनबाद, गोमो, पारसनाथ, कोडरमा, गया, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, वाराणसी, वाराणसी कैंट, सुल्तानपुर और महाराजा बिजली पासी स्टेशन शामिल हैं.