सभी जिलों में रामनवमी पर होगा श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ, CM योगी बोले- नवरात्रि में 24 घंटे रहेगी बिजली

उत्तर प्रदेश में चैत्र नवरात्रि और रामनवनी को लेकर विशेष आयोजन किए जाएंगे। इसे लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने 24 घंटे का श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।

Uttar Pradesh News

हिन्दू धर्म में चैत्र नवरात्रि का धार्मिक महत्व है। चैत्र नवरात्रि और श्रीरामनवमी के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक की और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। चैत्र रामनवमी के पावन अवसर पर सीएम योगी ने सूबे के सभी जिलों में श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ आयोजित करने के लिए कहा है। साथ ही नवरात्रि के दौरान पूरे प्रदेश में बिना कट के 24 घंटे बिजली की सप्लाई होगी।

सीएमओ के अनुसार, सीएम योगी आदित्यनाथ ने चैत्र रामनवमी पर सभी जनपदों में 24 घंटे का श्री रामचरितमानस का अखंड पाठ आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 5 मार्च की दोपहर से शुरू होने वाले अखंड मानस पाठ की पूर्णाहुति 6 मार्च को श्री रामनवमी के दिन दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में श्री रामलला के सूर्य तिलक के साथ की जाए।

24 घंटे निर्बाध बिजली की होगी आपूर्ति : सीएम योगी

सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद सभी जिलों में मंदिरों में आवश्यक व्यवस्थाएं शुरू कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान पूरे प्रदेश में समान रूप से 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति प्रदान की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि मंदिरों के आसपास अंडे, मांस आदि की दुकानें नहीं होनी चाहिए, यह भी सुनिश्चित करें कि कहीं भी अवैध बूचड़खाना न हो।

सूर्य तिलक का दर्शन करने जुटेंगे श्रद्धालु

अयोध्या में सूर्य तिलक का दर्शन करने के लिए देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए सुविधा और सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। जूट मैटिंग कराई जाएगी, ताकि धूप में लोगों को खड़े होने में कोई परेशानी न हो। सभी मंदिरों और देवालयों में पेयजल की सुविधा रहेगी।

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त
होम पेज पर वापस जाएँ