Char Dham Yatra 2023: केदारनाथ धाम में बर्फबारी जारी; अब उत्तराखंड पुलिस ने की सावधानी की अपील
Edited By Naresh Chaudhary

Edited By Naresh Chaudhary

Char Dham Yatra 2023: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम में सोमवार सुबह से लगातार बर्फबारी हो रही है। उत्तराखंड पुलिस ने चारधाम (Char Dham Yatra 2023) तीर्थयात्रियों से मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने का आग्रह किया है।
उत्तराखंड पुलिस ने कहा है कि केदारनाथ धाम में आज सुबह से लगातार बर्फबारी हो रही है। कृपया मौसम को देखते हुए सावधान रहें। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार यात्रा शुरू करें। आपातकालीन सहायता के लिए तत्काल 112 डायल करें।
जानकारी के अनुसार, रविवार को भारतीय मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक उत्तराखंड में ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट जारी किया था। साथ ही मौसम विभाग ने आज (सोमवार) से अगले चार दिनों तक राज्य में खराब मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और 3500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है।
राज्य में खराब मौसम की जानकारी देते हुए जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि केदारनाथ धाम में पिछले 13 दिनों से रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। हिमपात का सिलसिला 18 अप्रैल से शुरू हुआ था, जो शनिवार रात तक जारी रहा। केदारनाथ में आज सुबह से भी मौसम साफ नहीं है। बर्फबारी के कारण केदारनाथ में ठंड भी काफी बढ़ गई है।
इससे पहले केदारनाथ और बद्रीनाथ में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से हुई परेशानी के चलते देर रात चारधाम यात्रियों को पुलिस ने श्रीनगर में ही रोक दिया था। इसके साथ ही यात्रियों से आस-पास के शहरों में सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। श्रीनगर में गढ़वाल पुलिस ने एनआईटी उत्तराखंड के पास और बद्रीनाथ बस स्टैंड के पास चेकिंग पॉइंट बनाए हैं, जहाँ चारधाम यात्रियों को रोका जा रहा है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में ठहरने के पुख्ता इंतजाम हैं, यात्रियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों से मौसम साफ होने पर अपनी यात्रा शुरू करने की अपील की जा रही है। बता दें कि 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट वैदिक विधिविधान के साथ खोले गए थे।
न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on: