Bulandshahr News: यूपी की बुलंदशहर पुलिस ने दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में से एक की पहचान शहजाद उर्फ सुक्का के रूप में हुई है। शहजाद पर हत्या और हत्या के प्रयास की दो-दो एफआईआर समेत 18 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
आम के बाग से चल रहा था धंधा
बुलंदशहर एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि सिटी कोतवाली क्षेत्र में मामन रोड पर दफाउल्ला के आम के बाग में बने कमरे में हथियार सप्लाई का अवैध धंधा चल रहा था। जिसकी सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से 4 इंग्लिश पिस्टल और 4 तमंचे बरामद किए गए। साथ ही मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
शहजाद पर दर्ज है हत्या का मुकदमा
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहजाद उर्फ सुक्का निवासी खैरनगर मेरठ और असफार निवासी फैसलाबाद बुलंदशहर के रूप में हुई है। छानबीन करने पर पता चला कि शहजाद पर हत्या के दो और हत्या के प्रयास के दो मुकदमों समेत 18 एफआईआर दर्ज हैं। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के गैंग के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है।
एएसपी बुलंदशहर ऋजुल ने बताया कि हथियार तस्कर अलीगढ़ से हथियारों को लेकर ऑन डिमांड बुलंदशहर में सप्लाई करते थे। आरोपी एक पिस्टल को 50 हज़ार और तमंचे को 15 हज़ार रुपये में बेचते थे। शहजाद पर सभी मुकदमें बुलंदशहर के थानों में दर्ज हैं। अफसार का आपराधिक रिकार्ड भी खंगाला जा रहा है।