News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
शक्ति सिंह, गाजियाबाद
Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। यहां युवक की हत्या कर आरोपी ने अपने ही घर में गड्ढा खोदकर शव को गाढ़ दिया था। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, बताया जा रहा है कि आरोपी के परिजन ने ही घर में शव के दबे होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस टीम ने फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला गाजियाबाद के थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र के संगम विहार कॉलोनी का है। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के राजीव गार्डन गली नंबर 04 में उस समय हड़कंप मच गया जब पड़ोसी के घर में एक युवक का शव गाढ़े जाने की खबर फैली। पुलिस ने बताया कि 35 वर्षीय दीपक नाम के युवक की हत्या कर शव को जमीन में दबा दिया गया था। पुलिस ने आरोपी के घर से शव बरामद कर लिया है। मृतक की पहचान दीपक के रूप में हुई है। दीपक आरोपी अंकित पंचाल का पड़ोसी था, जिसकी हत्या कर शव को घर में ही गड्ढा खोदकर दबा दिया गया था। आरोपी की पहचान अंकित पंचाल पुत्र पप्पू पंचाल के रूप में हुई है। अंकित पंचाल मृतक के साथ पीवीसी पैनल और इंटीरियर का काम करता था।
इस मामले में अंकुर विहार एसीपी अजय कुमार सिंह ने बताया पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति का शव पड़ोसी के घर में दबा हुआ है। मौके पर पहुंचकर जांच की गई और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। खुदाई के दौरान शव बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे। आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई थी, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच जारी है।
एसीपी सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
न्यूज 24 पर पढ़ें उत्तर प्रदेश / उत्तराखंड, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।