UP में बेबस दिखे BJP विधायक? अपनी ही सरकार की पुलिस से परेशान MLA को देना पड़ा धरना

यूपी के सीतापुर में बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी पुलिस की कार्यशैली से नाराज होकर थाने में ही धरने पर बैठ गए. उन्होंने पुलिसकर्मियों पर जनता की सुनवाई न करने और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं.

bjp mla gyan tiwari protest (1)

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सियासी हलचल उस समय तेज हो गई जब बीजेपी विधायक ज्ञान तिवारी अपनी ही सरकार की पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठ गए. विधायक समर्थकों के साथ रामपुर मथुरा थाने पहुंचे और जमीन पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. उनका आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक संजय पांडे, दीवान और एक सिपाही का व्यवहार जनता के प्रति बेहद खराब है जिससे लोगों में डर और असंतोष का माहौल है. विधायक ने साफ कर दिया कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होती उनका विरोध जारी रहेगा. इस दौरान थाने पर समर्थकों की भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई.

विज्ञापन

प्रशासनिक महकमे में मच गया हड़कंप

विधायक के धरने की खबर मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और सीओ वेद प्रकाश तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने विधायक को समझाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया लेकिन ज्ञान तिवारी अपनी मांगों पर अड़े रहे. विधायक का कहना था कि पुलिस एक गंभीर शिकायत को नजरअंदाज कर रही है और पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिल रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस इसी तरह जनता की सुनवाई बंद कर देगी तो जनप्रतिनिधि को मजबूरन सड़क पर उतरना ही पड़ेगा. विधायक ने यह भी कहा कि अगर स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे इस मुद्दे को मुख्यमंत्री और उच्च स्तर तक उठाएंगे.

विज्ञापन

प्रशासनिक व्यवस्था पर उठते सवाल

काफी देर तक चली खींचतान और उच्च अधिकारियों के साथ करीब एक घंटे की वार्ता के बाद विधायक ने धरना समाप्त किया. हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सिर्फ समयबद्ध कार्रवाई के आश्वासन पर लिया गया फैसला है और अगर देरी हुई तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे. दूसरी ओर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत ही काम किया जाता है और किसी भी शिकायत को नजरअंदाज नहीं किया गया है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सत्ता पक्ष के विधायक का थाने में धरना देना प्रशासनिक तालमेल पर गंभीर सवाल खड़े करता है. यह पहली बार नहीं है जब बीजेपी के किसी नेता ने पुलिसिया कार्यशैली पर इस तरह नाराजगी जाहिर की है.

विज्ञापन

न्यूज 24 पर पढ़ें देश,राष्ट्रीय समाचार (National News),खेल,मनोरंजन,धर्म,लाइफ़स्टाइल,हेल्थ,शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।

First published on:

और पढ़ें: हमारे संपादकीय दिशानिर्देश और मानक यहाँ देखें।

लेख समाप्त

लेखक के बारे में

Raja Alam

Raja Alam

राजा आलम वर्तमान में News 24 हिंदी (B.A.G. Network) में सीनियर सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता में चार वर्षों के अनुभव के साथ नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर बारीकी से लेखन कर रहे हैं. पत्रकारिता की नींव देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU), अलीगढ़ से रखी, जहां से राजा आलम ने पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद, हिंदी लेखन में गहराई को और विस्तार दिया जब राजा ने जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से हिंदी साहित्य में एम.ए. की डिग्री प्राप्त की. हर रोज़ कुछ नया सीखना और पाठकों तक सही, निष्पक्ष और भरोसेमंद खबर पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य रहा है. राजा के लेखन में आपको पत्रकारिता की गंभीरता के साथ-साथ पाठकों से जुड़ने वाली सरल भाषा और कंटेंट की विविधता दोनों मिलेंगे.
... और पढ़ें
विज्ञापन
होम पेज पर वापस जाएँ