Nripendra Mishra Statement On Ayodhya Ram Mandir Pran Pratishtha : उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी पूरी हो गई है। राम मंदिर में 16 जनवरी से शुरू अनुष्ठान का आज छठवां दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश-विदेश से मेहमान आएंगे। उनके रहने-खाने के साथ सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। इस बीच अयोध्या राम मंदिर निर्माण समिति के चेयरमैन नृपेंद्र मिश्रा ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद उनका अगला क्या कार्यक्रम होगा।
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समारोह को लेकर नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि प्राण प्रतिष्ठा के लिए अब सिर्फ एक दिन ही शेष बचे हैं। ऐसे में हमलोगों के लिए आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। समारोह से संबंधित सारी व्यवस्थाएं देखने होंगी, ताकि अयोध्या आने वाले मेहमानों को कोई दिक्कत या तकलीफ न हो।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद फिर शुरू होगा निर्माण कार्य
उन्होंने कहा कि हम देश को दिए गए सभी वचनों को पूरा करेंगे। इसके लिए हम एक बार फिर 23 जनवरी से नए उत्साह और वचनबद्धता के साथ राम मंदिर के बचे हुए निर्माण कार्य में जुट जाएंगे। साल 2024 में ही मंदिर के निर्माण कार्य को पूरा करना है। परिसर में सात और मंदिर बनाए जाएंगे, जोकि सामाजिक समरसता के प्रतीक होंगे। प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर के निर्माण कार्य और तेजी से होंगे।
प्राण प्रतिष्ठा के बाद रामलला के दर्शन कर सकेंगे भक्त
आपको बता दें कि अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह के लिए मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अयोध्या पहुंचेंगे। प्राण प्रतिष्ठा के बाद भक्त रामलला के दर्शन कर सकेंगे। भक्तों के लिए भी खास तैयारी की गई है।