भारत के प्रति दुनिया का बदला नजरिया : गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अयोध्या में कहा कि 500 साल पहले जब रामलला के मंदिर को तोड़ा गया होगा उससे पहले भी सनातन के मानबिंदु की रक्षा के लिए अनेक लोगों ने अपने जीवन को समर्पित किया। लेकिन जब 1528 में मीर बाकी ने भगवान राम के मंदिर को तोड़ा तब से भारत के सौभाग्य का सूर्य अस्त हो गया। तब से लेकर हम निरंतर पतन के रास्ते पर चलते हुए उस मुकाम पर आ गए थे कि भारत की पहचान की पूरे विश्व में भूली-बिसरी हो गई थी। भगवान राम के मंदिर में उस ध्वजा के चढ़ने के साथ ही भारत का सूर्य फिर उदय हो गया है। पिछले 10 सालों में पीएम मोदी के नेतृत्व में काम करने वाली सरकार के कार्यों के कारण दुनिया का भारत की ओर देखने का नजरिया बदला है। भारत के योग, आयुर्वेद, गौ माता, चिकित्सा पद्धति, विज्ञान, दर्शन, संस्कृति की पूरी दुनिया में महत्वता स्थापित हो रही है। हम सौभाग्यशाली हैं कि हम उस संकल्प के साथ पीएम मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।